दशहरा से पहले अमृतसर में बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस पर हमला करने जा रहे ISI के 3 गुर्गे गिरफ्तार
अमृतसर में तीन संदिग्धों को ISI हैंडलर के इशारे पर पुलिस इमारत या कर्मी पर हमले की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है।
-1791811175663_m.webp)
आईएसआई के इशारे पर पुलिस इमारत पर ग्रेनेड फेंकने जा रहे तीन गिरफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
ISI हैंडलर के इशारे पर हमले की योजना
हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल और कारतूस बरामद
हथियार पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए गए थे
नवीन राजपूत, अमृतसर। दशहरा से पहले अमृतसर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई हैंडलर के इशारे पर पुलिस इमारत और पुलिस कर्मी पर हमला करने जा रहे तीन गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक ग्लाक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। थाना घरिंडा की पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोगा जिले के धर्मकोट स्थित फतेहगढ़ कोरोटालान निवासी नवदीप सिंह, मोगा के ही खानकोट पूर्वी स्थित मोहल्ला मैहने वाला निवासी सैमुअल मसीह उर्फ सैमू और संदीप सिंह उर्फ टिडी के रूप में बताई है। पता चला है कि मामले में दौलतपुर निवासी हरमन को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।
आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपित अटारी सेक्टर से हथियारों की खेप लेकर बिना नंबर की बाइक लेकर निकल रहे हैं। इसके बाद सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह की पुलिस पार्टी ने उन्हें घेर कर काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान तीनों आरोपितों के कब्जे में रखे एक बैग से एक हैंड ग्रेनेड, एक ग्लाक पिस्तौल, पांच कारतूस बरामद किए गए। आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वह किसी पुलिस इमारत पर हैंड ग्रेनेड फेंकने और पुलिस कर्मी को गोली मारकर हत्या करने वाले हैं। लेकिन अभी तक उन्हें ऐसा कोई साफ्ट टारेगट नहीं मिला।
आरोपियों के मोबाइल से डिलीट पाया गया डेटा
पता चला है कि पुलिस को आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन मिले हैं। जिनमें ज्यादातर डेटा डिलीट पाया गया है। जांच में पता चला है कि उक्त हथियार पाक ड्रोन के जरिए भारतीय ह द में गिराए गए थे। पुलिस को आशंका है कि तीनों आरोपित पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर के साथ सीधे संपर्क में हैं।
फिलहाल पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है। उक्त मामले को लेकर पुलिस के बड़े अफसर ज्यादा नहीं बता रहे। इतना बता रहे हैं कि मामला गंभीर है और जांच जारी है।
