अमृतसर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, दो लाख लीटर लाहन और 400 बोतल जब्त
आबकारी विभाग और भिंडी सैदा पुलिस ने अमृतसर के भिंडी औलख और सैयदां गांवों में संयुक्त छापेमारी कर अवैध शराब के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया।
-1790258620395_m.webp)
अमृतसर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण
HighLights
अमृतसर में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी।
दो लाख लीटर कच्ची लाहन और 400 बोतल अवैध शराब बरामद।
अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। आबकारी विभाग और थाना भिंडी सैदा पुलिस की टीम ने गांव भिंडी औलख और सैयदां में संयुक्त छापेमारी कर अवैध शराब के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है। टीम ने अलग-अलग स्थानो पर छिपाकर रखी करीब दो लाख लीटर कच्ची लाहन और 400 बोतल तैयार अवैध शराब बरामद की।
इसके साथ ही शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 50 तिरपाल, प्लास्टिक के 40 कैन तथा लोहे व प्लास्टिक के नौ बड़े ड्रम भी जब्त किए गए।
आबकारी इंस्पेक्टर जगदीप कौर ने बताया कि उच्च अधिकारियो के निर्देश पर अवैध शराब कारोबारियो के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आबकारी विभाग की टीम ने थाना भिंडी सैदा पुलिस के साथ गांवो में तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आबकारी इंस्पेक्टर रमन शर्मा तथा सर्कल-1 व 2 का स्टाफ भी मौजूद रहा।
400 बोतल तैयार अवैध शराब भी बरामद
तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी कच्ची लाहन बरामद हुई। तिरपालो के नीचे रखी करीब दो लाख लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने के लिए न हो सके। इसके अलावा प्लास्टिक के कैनो से करीब 400 बोतल तैयार अवैध शराब भी बरामद की गई।
इंस्पेक्टर जगदीप कौर के मुताबिक इस मामले में थाना भिंडी सैदा में आबकारी एक्ट के तहत अज्ञात लोगो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान जमीन मालिको और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगो की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
