छेहरटा में कानून व्यवस्था ताक पर, अपराधी बेलगाम
छेहरटा में अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस उन पर मेहरबान है। इलाके में लूट खसूट गुंडागर्दी के मामले का ग्राफ बढ़ा है तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने महिला से मारपीट के एक मामले में गंभीर धारा ही हटा दी।
संवाद सहयोगी, छेहरटा (अमृतसर) : छेहरटा में अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस उन पर मेहरबान है। इलाके में लूट, खसूट, गुंडागर्दी के मामले का ग्राफ बढ़ा है तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने महिला से मारपीट के एक मामले में गंभीर धारा ही हटा दी। खंडवाला निवासी प्रियंका ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई है कि उनके मामले में किसी आइपीएस या फिर पीपीएस अधिकारी से जांच करवाई जाए। उधर, पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह ने बताया कि वह सारे मामलों की खुद जांच करवाएंगे। आरोपित किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
थाने में ये केस पड़े हैं लंबित
- 8 फरवरी : वकील सुधीर शर्मा के घर लूट का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने आज तक मामला दर्ज नहीं किया।
- 15 फरवरी : खंडवाला के पास गणपति ज्यूलर्स से साढ़े तीन लाख की लूट। आरोपित आज तक फरार।
- 17 फरवरी : छेहरटा चौक में सब्जी वाले पर दातर से हमला कर लूटी नगदी।
- 29 जनवरी : खंडवाला में महिला से मारपीट। पुलिस ने सात दिन बाद केस दर्ज किया और फिर चार लोगों के नाम एफआइआर से बाहर कर दिए।
- 14 जनवरी : दवा कारोबारी से मारपीट की गई लेकिन आज तक एफआइआर दर्ज नहीं की गई।
बदला जाए एसएचओ छेहरटा : सुच्चा सिंह
सीटू के वरिष्ठ नेता कामरेड सुच्चा सिंह अजनाला ने कहा कि एसएचओ छेहरटा का रवैया आम लोगों के प्रति सही नहीं है। थाने में शिकायतकर्ता को ही प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने एसएचओ को बदलने की मांग की।
थाना छेहरटा में कई केस लंबित : राजिदर
आम आदमी पार्टी के को-प्रेजिडेंट राजिदर पल्लाह ने कहा कि थाने छेहरटा में सैकड़ों केस लंबित हैं। एसएचओ छेहरटा उन्हें निजी हितों के लिए दर्ज नहीं कर रही हैं। वह जल्द ही थाना प्रभारी के खिलाफ संघर्ष छेड़ेंगे।
ईमानदारी से कर रही हूं ड्यूटी : थाना प्रभारी
छेहरटा थाना प्रभारी राजविदर कौर ने बताया कि वह पूरी इमानदारी से ड्यूटी कर रही हैं। लूटपाट के मामलों में लुटेरों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। बावजूद किसी को परेशानी है तो वह उन्हें सीधा आकर मिल सकता है।