अमृतसर में दरगाह पर माथा टेकने आए दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग, दोनों घायल
अमृतसर में तारांवाला पुल के पास दरगाह पर माथा टेकने आए दो युवकों पर छह हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अमृतसर में तारांवाला पुल के पास दरगाह पर माथा टेकने आए दो युवकों पर छह हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की।
HighLights
अमृतसर में दरगाह पर दो युवकों पर फायरिंग
आकाशदीप और शरणदीप गोली लगने से गंभीर घायल
पुरानी रंजिश के चलते छह हमलावरों ने किया हमला
जागरण संवाददाता, अमृतसर। तारांवाला पुल के पास स्थित दरगाह पर माथा टेकने आए दो युवकों पर छह हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में आकाशदीप और शरणदीप गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना मकबूलपुरा की एसएचओ अमनदीप कौर ने बताया कि दोनों युवक दरगाह पर माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान छह युवक वहां आए और कहासुनी के बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। आकाशदीप को दो और शरणदीप को एक गोली लगी है। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
छह हमलावरों में से दो की पहचान पीड़ित पक्ष ने कर ली है, जबकि चार की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, पीड़ित युवक ने बताया कि हमलावरों ने वहां पहुंचते ही उन्हें घेर लिया। इसके बाद मोटरसाइकिल की चाबी छीनकर पिस्तौल से पांच से सात राउंड फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस द्वारा फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच के दौरान हमले के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
