पहली पत्नी से मारपीट कर बच्ची सहित घर से निकाला
पहली पत्नी से मारपीट कर बच्ची सहित घर से निकालने का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, अजनाला : पहली पत्नी से मारपीट कर बच्ची सहित घर से निकालने, दूसरी महिला से शादी कर उसका डुप्लीकेट एससी का सर्टिफिकेट बनाने के आरोप में पुलिस थाना खलचियां ने मजहबी सिंह मोर्चा के प्रधान जोगा सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बंडाल कला निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके परिजनों ने करीब 24 साल पहले उसकी शादी जोगा सिंह के साथ की थी। इस समय उसके तीन बच्चे एक लड़की व दो लड़के है। करीब चार साल पहले उसके पति जोगा सिह ने उसे मारपीट कर बच्ची सहित घर से निकाल दिया। फिर खुद थाना तरसिक्का के गांव सैदपुर निवासी बलजीत कौर के साथ दूसरी शादी कर ली। उसके पति जोगा सिंह ने गांव के निरक्षर नंबरदार महिदर सिंह का धोखे से अंगूठा लगा कर अपनी दूसरी पत्नी बलजीत कौर का डुप्लीकेट एससी का सर्टिफिकेट भी बना लिया, जबकि बलजीत कौर मेहरा सिख बिरादरी से संबंध रखती है। थाना खलचियां प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि मजहबी सिंह मोर्चा के अध्यक्ष जोगा सिंह व उसकी दूसरी पत्नी बलजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया है।