गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह में गुटका साहिब की बेअदबी
रमदास स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में अज्ञात व्यक्ति की ओर से तड़के चार बजे के करीब गुटका साहिब के अंग खंडित करके फेंक दिए।
संवाद सहयोगी, अजनाला : रमदास स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में अज्ञात व्यक्ति की ओर से तड़के चार बजे के करीब गुटका साहिब के अंग खंडित करके फेंक दिए। इस कारण माहौल तनाव पूर्ण बन गया। डीएसपी विपिन कुमार ने मामले को शांत करवाया। मंगलवार को तड़के सुबह चार बजे घने कोहरे के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति गुटका साहिब के अंग खंडित करके वहां फेंका गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी व पूर्व अकाली विधायक बोनी अमरपाल सिंह मौके पर पहुंचे। स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष अमरीक सिंह अजनाला ने बताया कि जब वह गुरुद्वारा साहिब पहुंचे तो देखा कि गुटका साहिब के अंग खंडित करके जमीन पर फेंके गए थे। घने कोहरे के कारण गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपित की पहचान नहीं हो पाई। इस दौरान पहुंचे पूर्व अकाली विधायक बोनी अमरपाल सिंह ने कहा कि घटना अति निदनीय है। प्रशासन बिना भेदभाव इसकी जांच कर आरोपित को पकड़े नहीं तो शहर के मेन चौक में धरना दिया जाएगा।
वहीं डीएसपी विपिन कुमार ने बताया कि इस संबंध में फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी असामाजिक तत्व ने शहर का माहौल खराब करने के लिए ऐसी हरकत की है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। राइस मिल के मालिक समेत चार पर 13.45 करोड़ का भुगतान नहीं करने पर केस: राजासांसी थाना की पुलिस ने परी इंडिया राइस मिल के मालिक अशोक सचदेवा, उनकी बहू रिद्धि सचदेवा सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। राजासांसी के किसान बलबीर सिंह और उनके 18 किसान साथियों ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उनसे 13 करोड़ 45 लाख 41 हजार रुपये के चावल खरीदे और भुगतान नहीं किया। जांच के बाद पुलिस ने अशोक, उसके बेटे तुषार सचदेवा, बहू रिद्धि और दालम गांव निवासी मंदीपपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। बलबीर सिंह ने बताया कि सितंबर 2019 में उन्होंने उक्त आरोपितों को 13.45 लाख रुपये से ज्यादा के चावल बेचे थे। आरोपितों कुछ दिन बाद भुगतान करने की बात स्वीकार की थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भुगतान नहीं किया गया। मौका पाकर तुषार अपनी पत्नी के साथ विदेश फरार हो गया। बलबीर सिंह ने बताया कि वीरवार को वह बार्डर रेंज के आइजी से मामले को लेकर मिलेंगे।