विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में ड्रेन किनारे लावारिस बैग से विदेशी राइफल बरामद, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:33 PM (IST)

अमृतसर पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर नशा और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक विदेशी .223 बोर राइफल बरामद की है।

ड्रेन किनारे लावारिस बैग से राइफल बरामद, अज्ञात पर केस दर्ज।

ड्रेन किनारे लावारिस बैग से राइफल बरामद, अज्ञात पर केस दर्ज।

HighLights

  1. पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर कार्रवाई की।

  2. अमृतसर में एक विदेशी .223 बोर राइफल बरामद हुई।

  3. आरोपी मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में नशा और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कंबोज क्षेत्र में ड्रेन के पुल के किनारे से पुलिस ने एक विदेशी .223 बोर सिंगल एक्शन राइफल बरामद की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि हेरोइन तस्करों ने इलाके में अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रविवार रात थाना कंबोज के एएसआइ सरवन सिंह पुलिस टीम और स्पेशल सेल की टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्पेशल सेल के कर्मचारियों को मिलिट्री इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी कि ड्रेन के पुल के पास कुछ हेरोइन तस्कर अपने अवैध हथियार छिपाकर रखने वाले हैं।

पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों के पास लावारिस हालत में पड़ा पीले रंग का एक थैला मिला। थैले को खोलकर जांच की तो उसमें से नीले रंग की जिप वाला एक अन्य बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर एक लोहे की मैगजीन और राइफल बरामद हुई।

जांच के दौरान हथियार पर अंग्रेजी में सीएएल 223 बोर एस/ए लिखा पाया। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच एएसआई सरवन सिंह को सौंपी है। पुलिस आरोपितों का सुराग लगाने को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।