अमृतसर से पुणे के लिए इंडिगो ने शुरू की फ्लाइट
पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्री अब पुणे के लिए श्री गुरु रामदास जी (एसजीआरडी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर कर सकेंगे। इंडिगो एयरलाइंस ने अमृतसर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को 27 मार्च 2021 तक पुणे के साथ जोड़ने के लिए मंगलवार से उड़ान शुरू की है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्री अब पुणे के लिए श्री गुरु रामदास जी (एसजीआरडी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर कर सकेंगे। इंडिगो एयरलाइंस ने अमृतसर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को 27 मार्च 2021 तक पुणे के साथ जोड़ने के लिए मंगलवार से उड़ान शुरू की है। अमृतसर इनिशिएटिव के ग्लोबल कन्वीनर समीप सिंह गुमटाला ने अमृतसर एयरपोर्ट के लिए यह अच्छा संकेत बताया है।
गुमटाला ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी वेबसाइट पर 27 मार्च 2021 तक के लिए समय सूची जारी करते हुए इसके लिए बुकिग भी शुरू कर दी है। इसके तहत पहली फ्लाइट पांच जनवरी की सायं 3.45 बजे एसजीआरडी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई। दिल्ली से देर सायं 5.30 बजे उड़ान भरकर रात 7.35 बजे पुणे एयरपोर्ट पर इसने लैंड किया। यह वापसी में पुणे से अमृतसर के लिए सुबह 10.10 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। पुणे के लिए उड़ान का कुल समय 3.50 घंटे का होगा जबकि पुणे से अमृतसर के लिए यह समय 4.40 घंटे का होगा। इसमें दिल्ली में कुछ समय रुकने का समय भी शामिल है। पुणे या अमृतसर जाने वाले यात्री उसी विमान में ही बैठे रहेंगे और दिल्ली से नए यात्रियों को लिया जाएगा।
गुमटाला ने कहा कि पुणे देश में दूसरा सबसे बड़ा आइटी हब है। फ्लाइट के शुरू होने पर पंजाब के युवाओं को बड़ा फायदा मिलेगा। पुणे के सैलानी श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शनों के लिए सीधे यहां पहुंच सकेंगे। फ्लाइ अमृतसर इनिशिएटिव को सोशल मीडिया पर लंबे समय से पुणे के लिए उड़ान शुरू करवाने के लिए कहा जा रहा था। उनकी संस्था की टीम ने अलग-अलग एयरलाइंस कंपनियों को लिख कर इसके लिए प्रेरित किया और इंडिगो एयरलाइंस की शुरुआत से उन्हें इसमें सफलता मिल सकी।