पंजाब के तरनतारन में 50 लाख की रंगदारी नहीं देने पर पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में वारदात कैद
तरनतारन के भंगाला गांव में गोबिंद फिलिंग सेंटर पर बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने पांच गोलियां चलाईं, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।
HighLights
भंगाला गांव के पेट्रोल पंप पर अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग
गोलीबारी में कोई जानी नुकसान नहीं, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मालिक को 50 लाख की रंगदारी धमकी के बाद हुई वारदात
जागरण संवाददाता, तरनतारन। थाना सदर पट्टी के तहत आते गांव भंगाला स्थित गोबिंद फिलिंग सेंटर (पेट्रोल पंप) पर दोपहर बाइक सवार तीन अज्ञात शूटरों ने पांच गोलियां चलाईं व मौके से फरार हो गए। घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
बाइक पर आए तीन अज्ञात शूटरों ने पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पंप की नोजल पर लगी, जबकि एक अन्य गोली पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए सतनाम सिंह के बाएं कंधे के पास से निकल गई। बाकी तीन गोलियां पेट्रोल पंप के हिस्सों पर लगीं।
इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू की।
डीएसपी पट्टी रविशेर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना को सुलझा लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गोबिंद फिलिंग सेंटर, भंगाला के मालिक परमजीत सिंह निवासी गांव भंगाला को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रंगदारी के लिए काल आई थी। इसके बाद आज पेट्रोल पंप पर गोलीबारी की घटना हुई।
