विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में घर पर फायरिंग के आरोपी ने पुलिस पर तानी पिस्टल, मुठभेड़ में घायल; जेल की रंजिश में चलाई थी गोलियां

Published: Fri, 10 Jul 2026 11:56 AM (GMT+05:30)

अमृतसर में घर पर फायरिंग के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 36 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। नाकाबंदी के दौरान ...और पढ़ें

HighLights

  1. अमृतसर में घर पर फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

  2. पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, घायल।

  3. जेल की पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग।

डिजिटल डेस्क, अमृतसर। अमृतसर में घर पर फायरिंग की वारदात के मामले में पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की बाईं टांग में गोली लग गई।

घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ रूपी, पुत्र मंगल सिंह, निवासी ज्योतिसर के रूप में हुई है।

थाना जंडियाला गुरु के प्रभारी हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जानियां मोड़ की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में आर-पार! पूर्व CM चन्नी और रंधावा से मिलेंगे भूपेश बघेल, बैठक से राजा वड़िंग को रखा दूर

Amritsar encounter bike

आरोपी का मोटरसाइकिल।

पुलिस को देख कर दी फायरिंग

नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे आरोपी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी की बाईं टांग में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीस बोर की मैगजीन वाली पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।

रंजिशन चलाई थी घर पर गोलियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जंडियाला गुरु के शेखूपुरा मोहल्ले में हुई फायरिंग की वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक जिस घर पर फायरिंग की गई, उस परिवार के सदस्य बलजीत सिंह उर्फ भुल्ली की आठ जुलाई को जिला जेल अमृतसर के भीतर साजन उर्फ काना के साथ कहासुनी हुई थी। बलजीत सिंह इस समय जिला जेल में बंद है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जेल में हुए इसी विवाद का बदला लेने के लिए साजन उर्फ काना ने अपने साथियों के माध्यम से शेखूपुरा मोहल्ले में फायरिंग करवाई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में संबंधित आरोपियों को नामजद कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।

यह भी पढ़ें- बिलों में हेराफेरी कर डकार गए लाखों! अमृतसर में बीपीईओ सहित 4 सस्पेंड, शिक्षा विभाग ने एफआईआर के दिए आदेश

पूछताछ कर साथियों को भी काबू करेगी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच को बड़ी सफलता मिली है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल थे, हथियार कहां से लाए गए और पूरे घटनाक्रम की साजिश किस तरह तैयार की गई। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- FBI रिपोर्ट से पंजाब पुलिस में हड़कंप, "ब्लैक शीप" पर नजर; बेनकाब हुआ गैंगस्टर-अफसर नेक्सस