विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में कार के शोरूम और वर्कशॉप में लगी आग, मची अफरा-तफरी; कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:23 PM (IST)

अमृतसर-जालंधर हाईवे पर न्यू अमृतसर गोल्डन गेट के पास स्थित रेनो कार शोरूम और वर्कशॉप में गुरुवार देर शाम आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।

कार के शोरूम और वर्कशॉप में लगी आग। फोटो जागरण

कार के शोरूम और वर्कशॉप में लगी आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. रेनो कार शोरूम और वर्कशॉप में लगी भीषण आग।

  2. शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग से आग लगने की आशंका।

  3. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर-जालंधर हाईवे पर न्यू अमृतसर गोल्डन गेट के पास स्थित रेनो कारों के शोरूम और वर्कशॉप में गुरुवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर अमृतसर के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां पहुंचीं और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी देते हुए शोरूम के मालिक आनंदपाल सिंह ने बताया कि रोजाना की तरह गुरुवार शाम करीब 7 बजे सारा स्टाफ अपनी ड्यूटी खत्म कर शोरूम से चला गया था। इसके करीब 30 मिनट बाद उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने फोन कर सूचित किया कि शोरूम और वर्कशॉप में आग लग गई है।

उन्होंने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी स्पार्किंग के कारण लगने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम और वर्कशॉप के अंदर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।

आनंदपाल सिंह ने बताया कि आग के कारण शोरूम और वर्कशॉप में खड़ी गाड़ियों समेत अन्य सामान का भी नुकसान हुआ है, लेकिन फिलहाल कुल नुकसान का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने कहा कि नुकसान का पूरा जायजा लेने के बाद ही इस संबंध में सही जानकारी सामने आ सकेगी।

फायर ब्रिगेड की टीमों द्वारा समय पर मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने से आग को अन्य इलाकों में फैलने से रोक दिया गया। घटना के संबंध में आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच की जा रही है।