पीएम की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करे हर वर्कर : चुग
जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तब से उन्होंने जनहितैषी नीतियों का अम्बार लगा दिया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से उन्होंने जनहितैषी नीतियों का अम्बार लगा दिया है। आम जीवन का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं बचा है जिससे संबंधित नीतियां नहीं बनाई गईं हों। उन्होंने इसी उद्देश्य से अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री की नीतियों से देश के हर नागरिक को अवगत करवाने एवं जागरूक कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाएं। भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी संगठन की अग्रिम सेना है और मोदी सरकार के लोकहित के फैसलों को जनता तक पहुंचाना उनका प्रथम दायित्व है। उन्होंने कहा कि मोदी की इसमें कोई दो राय नहीं कि केन्द्र सरकार की अनगिनत जनहितैषी नीतियां व कानून जनता को राहत प्रदान कर रही हैं। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि 2014 से अब तक पीएम मोदी के जनहितैषी उपलब्धियों पर एक नजर डालने पर अभूतपूर्व आंकड़े देखने को मिलते हैं। अब तक पीएम उज्वला योजना के अन्तर्गत 8,03,39,993 गैस कनेक्शन, 36,74,41,809 एलईडी बल्ब वितरित किए गए। 2,81,69,724 घरों में बिजली से रोशन किया गया। 427600000 लाभार्थियों को पीएम जनधन योजना का लाभ मिला। इसके अलावा कई स्कीमों का फायदा लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर तो मृतप्राय हो ही चुकी है, उसका आधार अब पंजाब में भी सिमटता जा रहा है। चुग ने उम्मीद जताई कि विधानसभा 2022 के चुनावों में भाजपा स्पष्ट बहुमत लेकर पंजाब में सरकार बनाएगी और जनता राहत की सांस लेगी।