दिल्ली के बंटी आैर बबली श्री दरबार साहिब के पास गिरफ्तार
दिल्ली के ठग दंपती को अमृतसर में श्री दरबार साहिब के पास पकड़ा गया है। उनको एक श्रद्धालु का सामान उड़ाते पकड़ा गया। वे ऐतिहासिक व प्रमुख स्थलों पर लोगों को चूना लगाते थे।
जेएनएन, अमृतसर। गुरु नगरी में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने वाले दिल्ली के बंटी और बबली को पुलिस ने श्री दरबार साहिब के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों पति-पत्नी ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को निशाना बनाते थे। वे लोगाें को अपने झांसे लेकर उनका सामान और रुपये उड़ा लेते थे। वे आगरा सहित अन्य स्थानों पर भी लाेगों को चूना लगा चुके थे। आरोपितों के कब्जे से 80 हजार रुपये, लोगों के पर्स और कागजात बरामद किए गए हैं।
इंस्पेक्टर भगवान सिंह ने बताया कि आरोपित महीने में एक बार श्री दरबार साहिब में श्रद्धालुओं को अपना निशाना बनाने पहुंचते थे। ये लोगों को बातों में उलझा कर उनका सामान लेकर चंपत हो जाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपितों की पहचान दिल्ली के खजूरी स्थित सोनिया विहार के ब्लाक-एक निवासी राजीव और उसकी पत्नी संगीता के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर भगवान सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि दाेनों महीने में 15 दिन दिल्ली, अमृतसर और आगरा के सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर पहुंच कर लोगों की जेब तराशते या अपनी बातों में उलझा कर उनका सामान चुरा लेते थे। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि किसी जिले की पुलिस उन्हें आज तक काबू नहीं कर पाई। हालांकि पुलिस दिल्ली व आगरा की पुलिस से संपर्क कर इस बात का पता लगा रही है कि आरोपितों के खिलाफ वहां मामले दर्ज हैं या नहीं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि राजीव और उसकी पत्नी सोनिया श्री दरबार साहिब के पास पहुंच कर श्रद्धालुओं की जेब को चपत लगा रहे हैं। इसी आधार पर गलियारा पुलिस ने प्लाजा में जाल बिछा दिया। दोनों आरोपितों को एक श्रद्धालु का बैग चोरी करते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 80 हजार रुपये नगद, कुछ लोगों के आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के अलावा अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उनके द्वारा किए गए वारदातों का खुलासा होगा। पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। इस संबंध में दिल्ली और अागरा सहित अन्य स्थानों की पुलिस से भी मदद ली जाएगी।