अवैध कब्जे को लेकर ज्वाला स्टेट निवासियों ने घेरा निगम कार्यलय
ज्वाला स्टेट और हरिपुरा निवासियों ने भाकपा वर्करों के साथ निगम कार्यालय का दो घंटे तक घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : नगर निगम अमृतसर के अधिकारियों की कथित जन विरोधी नीतियों के खिलाफ ज्वाला स्टेट और हरिपुरा निवासियों ने भाकपा वर्करों के साथ निगम कार्यालय का दो घंटे तक घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक ने निगम कार्यालय को घेर कर रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाकपा नेता व पूर्व पार्षद बलदेव सिंह वेरका, बलकार सिंह दुधाला, अश्वनी शर्मा, बलविदर सिंह दुधाला, रकेश हांडा, मोहन लाला, राजेश कुमार, अमित शर्मा, नितिन शर्मा ने कहा कि निगम अधिकारी कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ मिल कर यहां स्थानीय ज्वाला स्टेट में अवैध कब्जे करवा रहे हैं। वहीं निगम के अधिकार क्षेत्र न होने वाले स्थानों पर लोगों की ओर से किए गए निर्माणों को गिरा कर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जो किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि विवाद को लेकर क्षेत्र के लोगों ने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में एक रिट पटीशन भी दायर की है। इसके बावजूद बी निगम के अधिकारी प्रभावशाली लोगों की शह पर लोगों के साथ धक्काशाही कर रहे हैं। निगम अधिकारियों ने लोगों का करीब 20 लाख से अधिक का नुकसान किया है। उनकी मांग है कि इस नुकसान को निगम के अधिकारी अपनी जेब से भरे और जिन प्रभावशाली लोगों की शहर पर अधिकारियों ने लोगों के निर्माण गिराए है, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जाए। इस दौरान भाकपा नेता मोहन लाल, राजिंदर आदि ने भी संबोधित किया।