जीएनडीयू में कर्मचारी ने किया आत्महत्या का प्रयास
जीएनडीयू में कडंक्ट विभाग में अस्थाई कर्मचारी ने शुक्रवार की दोपहर अपने कार्यालय में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) में कडंक्ट विभाग में अस्थाई कर्मचारी ने शुक्रवार की दोपहर अपने कार्यालय में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत कार्यालय के कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया। विभाग ने इस बाबत रिपोर्ट वीसी कार्यालय को भेज दी है। उधर, कैंटोनमेंट थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।
राजबीर सिंह ने बताया कि उसके पिता मेजर सिंह (55) कंडक्ट विभाग में सुपरवाइजर (अस्थाई कर्मचारी) हैं। वह पिछले कई दिनों से काफी परेशान था। जीएनडीयू के लगभग 40 अस्थाई कर्मचारियों ने साल 2014 में कोर्ट में केस दायर किया था कि उन्हें पक्का किया जाए। केस अब तक कोर्ट में विचाराधीन है। यूनिवर्सिटी की एक सुपरिटेंडेंट और एक यूनियन का प्रधान उसके पिता मेजर सिंह और अन्य कर्मचारियों को अदालत से केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं, लेकिन उनके पिता ने कोर्ट में लड़ाई जारी रखी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उक्त लोगों के बारे में पुलिस को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने दी। राजबीर सिंह ने बताया कि उसके पिता पिछले दो दिन से मानसिक प्रताड़ना झेल रहे थे, जिसके चलते उन्होंने शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।