कॉमेडियन भारती सिंह पर गुस्सा बरकरार, घेराव की चेतावनी
अभिनेत्री रवीना टंडन कॉमेडियन भारती सिंह व कोरियोग्राफर फराह खान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : बाइबल के पवित्र शबद को तोड़मरोड़ कर पेश करने के आरोप में अभिनेत्री रवीना टंडन, कॉमेडियन भारती सिंह व कोरियोग्राफर फराह खान पर अमृतसर में दर्ज हुई एफआइआर के बाद ईसाई समुदाय ने स्पष्ट किया है कि कॉमेडियन भारती सिंह भी अपने किए पर माफी मांगें। रवीना और फराह ने माफी माग ली है, पर भारती सिंह ने ऐसा नहीं किया। ईसाई भाईचारे ने भारती सिंह के अमृतसर स्थित आवास का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।
ईसाई भाईचारे के नेता डॉ. सुभाष थोबा ने कहा कि बाइबल के पवित्र शब्दों में जीवन का सार छुपा है, पर उपरोक्त तीनों ने इनका अपमान किया है। खुद को बुलंदियां पर पहुंचाने के और भी कई तरीके हैं, पर धर्म का मजाक उड़ाकर अपना उल्लू सीधा करने की इजाजत हम किसी को नहीं देंगे। रवीना व फराह ने माफी मांगी है, लेकिन भारती सिंह ने नहीं। इससे साफ है कि भारती सिंह को अपने किए पर पश्चाताप नहीं है। यदि भारती सिंह माफी नहीं मांगती तो वे जीटी रोड पर स्थित भारती सिंह के आवास के बाहर धरना लगाएंगे।
वहीं ईसाई भाईचारे के नेता टोनी प्रधान ने कहा कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना अजनाला में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज भी किया है। तीनों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। यदि ऐसा न हुआ तो ईसाई भाईचारा बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगा। तीनों हस्तियों ने बहुत ही अभद्रता से ईसाई भाईचारे का अपमान किया है।