विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में अब जम्मू-कश्मीर के लोगों को ठहरने में नहीं होगी समस्या, CM उमर अब्दुल्ला ने J&K हाउस का किया उद्घाटन

Published: Fri, 18 Sep 2026 01:21 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में 2.30 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किए गए जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया।

अमृतसर में उमर अब्दुल्ला ने किया अपग्रेडेड जम्मू-कश्मीर हाउस का किया उद्घाटन।

अमृतसर में उमर अब्दुल्ला ने किया अपग्रेडेड जम्मू-कश्मीर हाउस का किया उद्घाटन।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया।

  2. 2.30 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

  3. जम्मू-कश्मीर के मरीजों, छात्रों और श्रद्धालुओं को किफायती आवास मिलेगा।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को अमृतसर के कोर्ट रोड स्थित अपग्रेड किए गए जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया। 2.30 करोड़ रुपये की लागत से इस विरासती इमारत का नवीनीकरण और अपग्रेडेशन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर से अमृतसर आने वाले लोगों को किफायती और आरामदायक ठहरने की सुविधा उपलब्ध करवाना है।

विशेषकर अमृतसर के अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले जम्मू-कश्मीर के मरीजों और उनके स्वजनों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी। शहर के प्रमुख अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के नजदीक स्थित होने के कारण उन्हें रहने के लिए किफायती विकल्प मिल सकेगा।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से आने वाले विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर हाउस में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मेहमानों के लिए बेहतर आतिथ्य, स्वच्छता और उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतसर में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिवारों को ठहरने के लिए होने वाली परेशानियों को कम करने में यह सुविधा मददगार होगी। मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के रेजिडेंट कमिश्नर रमेश कुमार, सचिव हास्पिटैलिटी एवं प्रोटोकाल अवनी लवासा, अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर अनिल शर्मा सहित जम्मू-कश्मीर और पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

चार गेस्ट रूम समेत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध जम्मू-कश्मीर हाउस में चार गेस्ट रूम बनाए गए हैं। हर कमरे के साथ ड्रेसिंग एरिया और वाशरूम की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा कामन सिटिंग लाउंज, डाइनिंग एरिया और रसोई की भी व्यवस्था की गई है। नवीनीकरण के तहत सिविल व इलेक्ट्रिकल कार्यों के साथ इंटीरियर, अतिथि सुविधाओं, बाहरी विकास और अन्य बुनियादी ढांचे को भी अपग्रेड किया गया है।

नवीनीकरण का कार्य अक्टूबर 2025 में शुरू किया गया था। 1950 से जम्मू-कश्मीर से जुड़ा है नाता अमृतसर का जम्मू-कश्मीर हाउस केवल ठहरने की सुविधा नहीं, बल्कि करीब सात दशक से अधिक पुराना जम्मू-कश्मीर से जुड़ा सरकारी परिसर है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने वर्ष 1950 में कोर्ट रोड स्थित इस संपत्ति को 92 हजार रुपये में खरीदा था।

उस समय यहां कश्मीर ट्रेड एजेंसी संचालित होती थी। 1950 के दशक से 1970 के दशक तक यह एजेंसी जम्मू-कश्मीर सरकार के व्यापारिक और आधिकारिक संपर्कों का केंद्र रही। बाद में परिसर का उपयोग जम्मू-कश्मीर से अमृतसर आने वाले लोगों के ठहरने के लिए जम्मू-कश्मीर हाउस के रूप में किया जाने लगा।