कांग्रेस शासन में हो रही हत्याओं से जनता में दहशत : सुरेश
भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेश महाजन ने कांगेस शासन में बेलगाम हो रही गुंडागर्दी और हत्याओं पर चिता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार की कड़ी निदा की है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेश महाजन ने कांगेस शासन में बेलगाम हो रही गुंडागर्दी और हत्याओं पर चिता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार की कड़ी निदा की है। उन्होंने कैप्टन सरकार पर कानून-व्यवस्था पर काबू खो देने के आरोप जड़े हैं। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह नगर इलाके के वार्ड 37 में आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके जगदीश सिंह उर्फ मेगा की बुधवार देर रात गोली मार कर हत्या कर दी है। पुलिस इसे चुनावी रंजिश बता रही है और आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
सुरेश महाजन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में अपराधियों को कांग्रेस नेताओं का सरंक्षण हासिल है। अपराधी दिनदहाड़े लूटपाट, डकैती व हत्याओं की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस किसी भी अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कर सकती क्योंकि उसे उसके इलाके या किसी बड़े कांग्रेस नेता का सरंक्षण हासिल रहता है, इसलिए वह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते हैं। कांग्रेस सरकार और उनके नेता पंजाब को 1984 से पहले वाले काले दौर में धकेलना चाहते हैं।
भाजपा के जिला अध्यक्ष ने कहा कि कुछ समय पहले कांग्रेस के पार्षदों की गुंडागर्दी से तंग राम लाल ने आत्महत्या कर ली थी। हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राम लाल का परिवार ठोकरें खा रहा है। एक अन्य कांग्रेस पार्षद ने सरेआम लोगों से मारपीट की और इस मामले में भी पीड़ित परिवार के सदस्य इंसाफ के लिए धक्के खा रहे हैं। महाजन ने पुलिस-प्रशासन से अपराधियों पर लगाम लगाने और आरोपितों को जल्द पकड़ कर पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने की मांग की है।