डीएवी कालेज में मनाया महात्मा आनंद स्वामी का जन्मोत्सव
डीएवी कालेज में वीरवार को महात्मा आनंद स्वामी का जन्मोत्सव मनाया गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : डीएवी कालेज में वीरवार को महात्मा आनंद स्वामी का जन्मोत्सव मनाया गया। इसमें कालेज के प्रिसिपल डा. राजेश कुमार सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने वैदिक हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं। यज्ञ से पहले कालेज परिसर में गायत्री मंत्र का 108 बार ध्वनि पाठ हुआ व उसके बाद वैदिक विधि विधान से डा. कुलदीप सिंह आर्य ने यज्ञ करवाया। यज्ञ के मुख्य यजमान कालेज के वाइस प्रिसिपल डा. दर्शनदीप अरोड़ा, स्टाफ सचिव डा. बीबी यादव, एडमिनिस्ट्रेटर प्रोफेसर मीनू अग्रवाल ने भी विशेष तौर पर हिस्सा लिया। परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की कि वैदिक पथिक के अनुगामी महात्मा आनंद स्वामी जैसे वीर सपूत बार-बार पैदा होते रहें, ताकि मानव जाति का उद्धार हो सके। प्रि. डा. राजेश कुमार ने कहा कि महात्मा आनंद स्वामी का जन्म 15 अक्टूबर 1882 को गुजरात में हुआ था। साल 1905 में कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में आए भूकंप में, जिला गुजरात में फैली प्लेग महामारी में महात्मा ने रात दिन सेवा की और कश्मीर के नौशहरा कांगड़ी में पड़े अकाल में तन, मन, धन से पीड़ितों की सेवा निभाई। इसी प्रकार साल 1921 में मालाबार मद्रास के हिदुओं पर हुए अत्याचारों, बिहार में आए भूकंप, कोएटा में आए भूकंप, बंगाल में पड़े अकाल में स्वामी ने रात-दिन एक करके खूब सेवा की। डा. कुलदीप सिंह आर्य ने कहा महात्मा आनंद स्वामी ने सिध प्रदेश में सत्यार्थ प्रकाश पर लगे बैन को हटवाया था।