एसजीआरडी एयरपोर्ट पर मैकेनाइज्ड मसाज चेयर्स बनी सैलानियों का आकर्षण
अमृतसर : श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, राजासांसी पर हाल ही में स्थापित मैकेनाइज्ड मसाज चेयर्स आजकल सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं हुई हैं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, राजासांसी पर हाल ही में स्थापित मैकेनाइज्ड मसाज चेयर्स आजकल सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं हुई हैं। यहां पहुंचने वाले यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले और यहां से जाने वाले यात्री जहाज में सवार होने से पूर्व इसका लुत्फ लेना नहीं भूलते। इस चेयर पर बैठ कर यात्री 5 से लेकर 10 मिनट तक इसमें होने वाली मसाज से मानसिक और शारीरिक तौर पर तरो-ताजा होकर निकलते हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोजर चंसोरिया ने बताया कि यात्रियों के लिए 4 मैकेनाइज्ड मसाज चेयर एयरपोर्ट पर इंस्टाल की गई हैं। इनमें 2 चेयर घरेलु
एरिया में जबकि 2 चेयर अंतरराष्ट्रीय एरिया के अराइवल और डिपार्चर लांज में स्थापित की गई हैं। मैकेनाइज्ड चेयर उसी तरह मसाज करती हैं जैसे मसाज घरों में लोग। यहां सैलानी 100 रुपये के करीब खर्च करके मानसिक और शारीरिक ताजगी ले सकते हैं। इसमें सबसे बड़ी बात है कि चेयर में मसाज की ड्योरेशन 5 मिनट से लेकर 10 मिनट तक है और इसमें फुल मसाज होती है।