नौकरानी को कानूनी सलाह देने पर वकील पर हमला
एक वकील को घर में काम करने वाली नौकरानी की सहायता करना महंगा पड़ गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : एक वकील को घर में काम करने वाली नौकरानी की सहायता करना महंगा पड़ गया। महिला का अपने पति के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। महिला के पति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वकील के घर में घुसकर हमला कर दिया। वकील के क्लाइंट्स और परिवार के सदस्यों ने हमलावरों के कब्जे से एक किरच और एक विकेट बरामद की है। तीन हमलावर वहां से फरार होने में कामयाब हो गए।
उधर, वकील पर हुए हमले की सूचना मिलते ही अमृतसर बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मनीष देवगन सहयोगी वकीलों के साथ सदर थाने में पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वकील पर हमला किसी भी कीतम पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सदर थाना प्रभारी प्रेमपाल ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। आरोप साबित होने पर मामला भी दर्ज किया जाएगा। बार एसो. के कोषाध्यक्ष मनीष देवगन ने बताया कि 88 फुट रोड पर स्थित आनंद विहार इलाके में रहने वाले रजत आनंद उनकी बार के सदस्य हैं। आरती नाम की महिला उनके घर में काफी समय से काम कर रही है। कुछ महीने पहले आरती ने वकील रजत को बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है, जिसके कारण दंपति में विवाद चल रहा है। महिला अपने मालिक वकील से पति के खिलाफ कानूनी सहायता ले रही थी। इस बारे में जब महिला के पति को पता चला तो वह आग बबूला हो गया। शुक्रवार की रात उसने अपने दो साथियों के साथ किरच, बेसबैट और विकेट के साथ वकील के घर में घुसकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वकील के घर में उसके परिवार के सदस्य और क्लाइंट्स भी बैठे हुए थे। उन्होंने हमलावरों का मुकाबला किया और हमलावर विकेट और किरच वहीं छोड़कर फरार हो गए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप