विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ASI हरजीत सिंह हत्याकांड: अमृतसर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक शूटर ढेर; साथी फरार

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:52 PM (IST)

अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह के हत्यारों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें एक शूटर ढेर हो गया जबकि ...और पढ़ें

ASI हरजीत सिंह हत्याकांड: मुठभेड़ की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

ASI हरजीत सिंह हत्याकांड: मुठभेड़ की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

HighLights

  1. अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह के हत्यारों से पुलिस की भीषण मुठभेड़।

  2. एक शूटर ढेर, दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार।

  3. आरोपियों के तार पाकिस्तान से जुड़े, बुलेटप्रूफ जैकेट से जान बची।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना गेट हकीमां के अधीन पड़ती दाना मंडी क्षेत्र में एएसआई हरजीत सिंह की नृशंस हत्या करने वाले शूटरों के साथ पुलिस की शनिवार की देर रात भीषण मुठभेड़ हो गई।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक शूटर गोली लगने से ढेर हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि दाना मंडी में एएसआई हरजीत सिंह की शहादत के बाद से ही पूरी पुलिस कमिश्नरेट अत्यंत मुस्तैदी से जांच में जुटी हुई थी।

पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल सर्विलांस, डंप डेटा एनालिसिस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। राज्य काउंटर इंटेलिजेंस विंग की मदद से जांच में यह पुख्ता साक्ष्य मिले कि इन शूटरों के तार पड़ोसी देश पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं।

नाकाबंदी देखकर की ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस को इनपुट मिले थे कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर किसी अन्य वारदात की फिराक में इलाके में सक्रिय हैं। इसके आधार पर थांदा रोड पर जबरदस्त नाकाबंदी कर दी गई।

इसी दौरान काइनेटिक स्कूटर पर सवार होकर आ रहे संदिग्धों को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

गोलियां चलाते हुए आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। एक बदमाश ने अपने वहां से उतरकर 30 बोर की पिस्टल से चार राउंड फायर किए।

एक गोली सीआईए स्टाफ के जवान की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उसकी जान बाल-बाल बच गई। इसके अलावा दो गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी पर भी लगीं।

साथी फरार

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक शूटर को गोली लगी। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, उसका दूसरा साथी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सर्च पार्टियां लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।