एएसआई से 40 लाख की ठगी, बेटे को विदेश भेजने के नाम पर लगाया चूना
बेटे को विदेश भेजने के चक्कर में एएसआई मनजिंदर सिंह ने 40 लाख रुपये गंवा दिए। आइलेट्स पास न होने ...और पढ़ें

बेटे को विदेश भेजने के चक्कर में एएसआई ने गंवाए 40 लाख। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एएसआई ने बेटे को विदेश भेजने में 40 लाख गंवाए
आइलेट्स पास न होने पर कांट्रैक्ट मैरिज करवाई गई
बहू जेवरात लेकर फरार, तीन पर धोखाधड़ी का केस
जागरण संवाददाता, तरनतारन। आइलेट्स किए बिना बेटे को विदेश भेजने के चक्कर में पंजाब पुलिस के एएसआई मनजिंदर सिंह ने 40 लाख रुपये गंवा दिए। बेटे की बाकायदा कांट्रैक्ट मैरिज भी करवाई। विदेश से लौटी बहू बहाने से लाखों के जेवरात भी ले गई। सात माह की जांच के बाद थाना सिटी की पुलिस ने युवती संजमप्रीत कौर व उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
गांव जमालपुर निवासी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। पुलिस लाइन कालोनी के क्वार्टर नंबर 105 में रहते पंजाब पुलिस के एएसआई मनजिंदर सिंह इन दिनों ट्रैफिक विंग में तैनात हैं। 10 जुलाई को उन्होंने शिकायत नंबर 642 दी। जिसमें आरोप लगाया गया कि उसके बेटे रमनीक सिंह को विदेश ले जाने के चक्कर में गांव जमालपुर निवासी संजमप्रीत कौर ने ठगी की है।
बाहरवीं पास रमनीक सिंह विदेश जाना चाहता था, लेकिन आइलेट्स की परीक्षा पास नहीं कर पाया। इंटरनेट मीडिया पर रमनीक की दोस्ती संजमप्रीत कौर के साथ हुई। दोस्ती का फायदा उठाते हुए युवती ने अपनी मां कुलदीप कौर, पिता जसबीर सिंह से मिलकर साजिश रची। जिसके तहत रमनीक सिंह के साथ कांट्रैक्ट मैरिज करते हुए कहा कि उसे विदेश में सेटल करवा देगी।
मनजिंदर सिंह ने अपने बेटे को विदेश सेटल करने के लिए संजमप्रीत कौर को विदेश भेजने के लिए 40 लाख रुपये खर्च किए। कुछ समय तक कनाडा रहने के बाद संजमप्रीत कौर लौट आई। वापसी का सारा खर्च भी एएसआई मनजिंदर सिंह ने किया। किसी रिश्तेदार के विवाह समागम में जाने का बहाना लगाकर पांच तोले सोने के गहने भी साथ ले गई। कई दिन तक संजमप्रीत नहीं लौटी तो मनजिंदर ने पासपोर्ट व दस्तावेज मांगे।
इस दौरान संजमप्रीत कौर ने कहा कि उसने पढ़ाई छोड़ दी है। बाद में मामला पंचायत के समक्ष रखा गया। अपने बचाव के लिए युवती ने स्थानीय अदालत में तलाक का केस दायर कर दिया। मनजिंदर सिंह की शिकायत पर डीएसपी रैंक के अधिकारी ने पड़ताल शुरू की। इसमें दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट में संजमप्रीत कौर, उसकी मां कुलदीप कौर व पिता जसबीर सिंह के खिलाफ आरोप साबित हुए। शनिवार शाम को पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
