विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैसों के लेन-देन का विवाद बना जानलेवा, अमृतसर में रेलवे स्टेशन के पास तेजधार हथियारों से युवक की हत्या

Published: Mon, 22 Jun 2026 01:36 PM (IST)

अमृतसर रेलवे स्टेशन के बाहर पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय युवक की तेजधार हथियारों से ...और पढ़ें

मौके पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।

मौके पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।

HighLights

  1. अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास युवक की हत्या।

  2. पैसों के लेन-देन के विवाद में हुआ खूनी संघर्ष।

  3. पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल रेलवे स्टेशन क्षेत्र सोमवार तड़के उस समय दहशत में आ गया, जब कुछ युवकों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अमरदीप सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी जगदंबा कॉलोनी, मजीठा रोड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब चार बजे रेलवे स्टेशन के सामने कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि करीब छह युवकों ने अमरदीप सिंह को घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें- लुधियाना का परिवार गया था थाईलैंड, रात कोठी में घुसे बदमाश; नौकरानियों को बेहोश कर लूटा 1.5 किलो सोना व कैश

लोगों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल

झगड़े के बाद युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। मौके से मिले साक्ष्यों को भी कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में अंबुजा फैक्ट्री गेट के पास रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, चालक हुआ फरार

पुलिस ने आरोपित किए गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपितों के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते हमला किया गया। हालांकि जांच अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।

थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- जालंधर में देर रात मेडिकल स्टोर पर चली गोली, रंगदारी की आशंका; कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध शूटर