अमृतसर में एएसआई पर बाइक सवार दो युवकों ने किया हमला, पगड़ी में लगी गोली
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बाइक सवार दो युवकों ने एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया।

अमृतसर में पुलिसकर्मी को गोली मारी, जख्मी।
HighLights
अजनाला में बाइक सवारों ने एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारी।
गोली पगड़ी में लगने से एएसआई मामूली रूप से घायल हुए।
पुलिस इस घटना को आतंकी हमले के तौर पर देख रही है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा के साथ सटे अजनाला क्षेत्र में बाइक पर सवार दो युवकों ने एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारकर जख्मी कर दिया। पता चला है जसवंत सिंह की पगड़ी में गोली लगने के कारण वह मामूली रूप से जख्मी हुए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। घटना के बारे में पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी कमलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एएसआई जसवंत सिंह शुक्रवार की रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर अजनाला की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह भला पिंड के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
सुनसान इलाके में पहुंचते ही दोनों ने उन पर गोली चलाई। गोली जसवंत सिंह की पगड़ी को चीरते हुए आगे निकली। पता चला है सर में हल्की सी खरोंच आने से जसवंत सिंह जख्मी हो गए और वहीं गिर पड़े।
इसके बाद राहगीरों से उन्होंने सहायता ली और पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। किसी तरह उन्हें एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस इस घटना को आतंकी हमले से जोड़कर देख रही है।
