विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या का आरोपित गिरफ्तार; यूएपीए केस का जमानत पर फरार था रंजीत सिंह

Published: Thu, 05 Feb 2026 04:32 PM (IST)

अमृतसर पुलिस ने इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर हत्याकांड के वांछित आरोपी रंजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। रंजीत यूएपीए ...और पढ़ें

HighLights

  1. कमल कौर हत्याकांड में वांछित रंजीत सिंह गिरफ्तार।

  2. यूएपीए और आर्म्स एक्ट केस में जमानत पर फरार था।

  3. हेरिटेज स्ट्रीट मूर्तियों की तोड़फोड़ में भी शामिल।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या के मामले में वांछित आरोपित रंजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी गंभीर यूएपीए और आर्म्स एक्ट के मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह उस केस में आरोपी है, जिसमें उससे पहले दो हैंड ग्रेनेड और पिस्टल बरामद किए जा चुके हैं। अदालत से जमानत मिलने के बाद वह पेशियों में अनुपस्थित रहा, जिसके चलते उसे जमानत जंपर घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अदालतों में पसरा सन्नाटा, तीन जिलों में 1000 से ज्यादा मामलों की सुनवाई प्रभावित; वकीलों ने किया काम का बहिष्कार

अमृतपाल मेहरों का साथी है रंजीत

जांच में सामने आया है कि रंजीत सिंह बठिंडा की इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की निर्मम हत्या के मामले में भी वांछित था। इस हत्याकांड में उसका नाम सह-आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों के साथ सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी और इसके पीछे आपराधिक साजिश के पुख्ता संकेत मिले हैं।

विरासती मार्ग पर मूर्तियों की तोड़फोड़ में भी शामिल रहा

इसके अलावा आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है। वह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के निकट हेरिटेज स्ट्रीट पर लगी मूर्तियों में तोड़फोड़ की घटना में भी शामिल रहा है। इस घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी और व्यापक विरोध देखने को मिला था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रंजीत सिंह पहले भी कई हिंसक वारदातों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कई केस दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- मजाक पड़ा महंगा, जगतपुरा में गाली देने पर भड़का पड़ोसी; सिर पर हेलमेट से किया जानलेवा हमला

पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी में

पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जा सके। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, गैंगस्टरवाद और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें- मोगा-मुक्तसर में वकीलों ने सरकार के खिलाफ बजाया बिगुल; तीन दिन रहेंगे हड़ताल पर, मानसिक परेशान करने के आरोप