नहरी विभाग के रिटायर्ड अफसर के बैंक खाते से निकाले 6.23 लाख
नहरी विभाग के रिटायर्ड अफसर विजय अरोड़ा और उनकी पत्नी आशा अरोड़ा के ज्वाइंट बैंक खाते से हैकर्स ने 6.23 लाख रुपये निकाल लिए।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : नहरी विभाग के रिटायर्ड अफसर विजय अरोड़ा और उनकी पत्नी आशा अरोड़ा के ज्वाइंट बैंक खाते से हैकर्स ने 6.23 लाख रुपये निकाल लिए। अलग-अलग समय में उक्त राशि निकलते देख विजय अरोड़ा ने तुरंत इंडसिड बैंक और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मगर तब तक खाते से सारी राशि निकाली जा चुकी थी। फिलहाल रामबाग थाने की पुलिस ने प्रोफेसर कालोनी निवासी विजय अरोड़ा की शिकायत पर उत्तर प्रदेश के जिला बनारस स्थित गांव छित्तपुर निवासी सरोज बेनावंशी और अनामिका सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, इंस्पेक्टर जगदीश राज ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी जाएगी।
विजय अरोड़ा ने बताया कि उनका पत्नी के साथ इंडसिड बैंक में ज्वाइंट खाता है। 16 सितंबर को उनकी 6.23 लाख रुपये की एफडी की समयवधि पूरी हो गई थी। जरूरत पड़ने पर वह उसी दिन पैसे लेने के लिए बैंक चले गए। उन्हें वहां जाकर पता चला कि उनकी एफडी आनलाइन बनाई गई थी और उन्हें पैसों के लिए पांच दिन इंतजार करना पड़ेगा। घर लौटकर इस बारे में बैंक के कस्टमर केयर सेंटर पर भी बात की थी। इसके बाद कुछ ही देर में उनके खाते से अलग-अलग समय में दो बार पैसे निकल गए। वह तुरंत सभी काम छोड़कर बैंक शिकायत करने चले गए। तब तक उनके खाते से सारे पैसे निकल चुके थे। पीड़ित परिवार ने सीपी सुखचैन सिंह गिल से आरोपितों की गिरफ्तारी और पैसे लौटाने की गुहार लगाई है।