पंजाब में ड्रोन से भेजी 24 किलो हेरोइन जब्त, तरनतारन और फरीदकोट में नशा तस्कर गिरफ्तार
पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने तरनतारन व फरीदकोट में सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 24 किलो हेरोइन जब्त की है।

सीमा पार से ड्रोन से भारत भेजी 24 किलो हेरोइन बरामद। फाइल फोटो
HighLights
पंजाब पुलिस, बीएसएफ ने तरनतारन, फरीदकोट से 24 किलो हेरोइन पकड़ी।
सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी यह हेरोइन खेप।
दो नशा तस्कर गिरफ्तार, गुरदासपुर में पाकिस्तानी ड्रोन-हथियार बरामद।
जागरण संवाददाता, तरनतारन। पंजाब पुलिस व सीमा सुरक्षा बल ने तरनतारन व फरीदकोट में सीमा पार से ड्रोन के जरिये भेजी 24 किलो हेरोइन की खेप बरामद की है। तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि शुक्रवार को बीएसएफ जवानों ने सीमा पर ड्रोन की हलचल देखी।
इसके बाद पुलिस व बीएसएफ जवानों ने संयुक्त सर्च आपरेशन चलाया। इस दौरान सीमावर्ती गांव चहल से हेरोइन के 24 पैकेट बरामद हुए। इनमें 12.70 किलो हेरोइन थी। इसी तरह फरीदकोट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तरनतारन के दो नशा तस्करों को 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
दोनों को नेशनल हाईवे-54 पर गांव चंदबाजा के निकट नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सौदागर सिंह उर्फ घुल्ला और कंवलजीत खान उर्फ कम्मू के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि आरोपित यह हेरोइन की खेप सीमावर्ती क्षेत्र से लेकर आए थे और इसे फरीदकोट जिले और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। उधर, गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर भी बीएसएफ जवानों ने एक पाकिस्तानी ड्रोन, दो पिस्टल और तीन मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
