नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए गुरदासपुर और जंडियाला में रेड
पकड़े गए कुख्यात तस्कर शमशेर सिंह उर्फ शेरा की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार को गुरदासपुर और जंडियाला गुरु में छापामारी की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : पकड़े गए कुख्यात तस्कर शमशेर सिंह उर्फ शेरा की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार को गुरदासपुर और जंडियाला गुरु में छापामारी की, लेकिन आरोपितों के साथी पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंडरग्राउंड हो गए। उधर, एआइजी निर्मल सिंह सहोता ने दावा किया है कि गिरोह के आधा दर्जन सदस्य तीनों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद भूमिगत हो चुके हैं। फिलहाल अभी जेल में बंद आरोपितों के आका को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ की हिरासत में हेरोइन तस्कर शमशेर सिंह शेरा, नीरज कुमार और सुभेग सिंह ने कई अहम जानकारियां उजागर की हैं। इसके बाद एसटीएफ ने शुक्रवार को गुरदासपुर के खहरां कलां और जंडियाला गुरु के शेखूपुरा गांव के घरों में छापामारी की। बताया जा रहा है कि शेरा और सुभेग सिंह गिरफ्तारी के पहले दोनों स्थानों पर रह रहे थे। आरोपितों के गिरोह के सदस्य अकसर उनसे मिलने के लिए गुरदासपुर और जंडियाला गुरु में मिलने आते थे। पुलिस को तथ्य हाथ लगे हैं कि आरोपितों के संबंध भारत-पाक सीमा पर सटे गांवों में रहने वाले कुछ तस्करों के साथ भी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपितों को चार दिन के पुलिस वारंट पर भेजा है। उल्लेखनीय है कि अमृतसर जिला नशा तस्करों का गढ़ बनता जा रहा है। सबसे बड़ी हेरोइन की खेप मिलने के बाद से इसका संबंध गैंगस्टरों के साथ भी जुड़ता जा रहा है। ऐसे में अब पिछले करीब डेढ़ महीने से सुरक्षा एजेंसियों ने यहां पर खास नजर रखनी शुरू कर दी है।