फंदा लगा दी जान, सुसाइड नोट में बच्चों को लिखा-पिता से न मिलें
महिलाने फंदा लगा दी जान सुसाइड नोट में बच्चों को लिखा-पिता से कभी न मिलें।
संवाद सूत्र, ब्यास : ब्यास की नवीं आबादी में महिला मंजू ने फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला। इस पर उसने अपने मायके परिवार को अपने दोनों बच्चों का पालन पोषण करने को कहा है और अपने बच्चों को लिखा है कि वो भी अपने पिता से कभी न मिलें। पुलिस ने बताया कि खुदकुशी नोट के मुताबिक मृतका के पति मंगल, सास गेबो, ससुर देबा और ननद रेखा को उसकी मौत का जिम्मेदार बताया गया है।
मृतका के पिता सेवाराम ने बताया कि मंजू (32) की शादी करीब 12 वर्ष पहले मंगल निवासी मोगा के साथ हुई थी। शादी के बाद से मंगल व उसका परिवार मंजू को प्रताड़ित करते रहते थे। झगड़े के कारण वो लोग नवीं आबादी ब्यास में आ गए। यहां मंगल के पिता का अपना घर था। मंजू अपने बच्चों के साथ अपने ससुर के साथ इसी घर में रह रही थी और मेहनत करके अपने बच्चों का पेट पाल रही थी। पति मंजू को कोई खर्चा नहीं देता था।
मोहल्ला निवासियों का कहना है कि वो बहुत मिलनसार थी। मृतका मंजू का ससुर देबा जो उसके साथ ही रहता था ने बताया कि जब सुबह वो उठा तो मंजू मंगल से फोन पर बात कर रही थी और दोनों बच्चे सो रहे थे। इसके बाद वो छज्ज बेचने के लिए साइकिल पर पास के गांव में चला गया। उसे जब मंजू के बारे में खबर मिली तो वह तुरंत घर आ गया। डीएसपी बाबा बकाला हरकृष्ण सिंह ने बताया कि मृतका के पिता का घर भी उसके घर के पास ही है, मंजू की भाभी रिपी जब सुबह आठ बजे किसी काम से उसके घर गई तो उसे पंखे से लटकता हुआ मंजू का शव मिला। उसके शोर मचाने पर आस पास के लोग इकठ्ठा हुए और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मृतका के पिता सेवाराम,चाचा करनैल व डैनीराम के साथ ही मृतका के ससुर देबा ने भी इस बात की पुष्टि की कि उसका बेटा मंजू को प्रताड़ित करता था और धमकी देता था कि वह दूसरी शादी कर लेगा।