गंडीविंड धत्तल में चोरी, लोगों ने कहा-कांस्टेबल के लड़के का हाथ
चोरी करने के मामले में थाना सरहाली में तैनात हेड कांस्टेबल के लड़के का नाम आ रहा है।
जासं, गंडीविंड धत्तल, (तरनतारन) : तीन किसानों के घरों में शनिवार रात को चोरी करने के मामले में थाना सरहाली में तैनात हेड कांस्टेबल के लड़के का नाम आ रहा है। इसके बाद पुलिस के हाथ पैर फूल गए। आनन फानन में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पट्टी के गांव गंडीविंड धत्तल में किसान निरंजन सिंह पुत्र दलबीर सिंह के घर रात को ढाई बजे कुछ लोग दाखिल हुए। उक्त लोगों ने कमरे की अलमारी से एक लाख की नगदी, 13 तोले सोने के जेवरात पर हाथ साफ किया। साथ ही मेजर सिंह पुत्र लखबीर सिंह के घर से 1.80 लाख की नगदी, 8 तोले सोने के जेवरात चोरी किए। इसी तरह हरदेव सिंह पुत्र लखबीर सिंह के घर से 1.14 लाख की नगदी व 4 तोले सोने के जेवरात चोरी किए। चोरी की वारदातों का रविवार उस समय पता चला जब पारिवारिक सदस्यों ने कमरों की अलमारियां टूटी हुई देखी। मौके पर सरपंच रंजीत सिंह, पंच मेजर सिंह, गुरनाम सिंह, दीदार सिंह, पाला सिंह, जसबीर कौर, मंजीत कौर, दलबीर कौर, राज कौर ने बताया कि रात को चोरी की वारदातों को अंजाम देने वालों में हैड कांस्टेबल का लड़का शामिल है। उक्त हेड कांस्टेबल थाना सरहाली कलां में ही तैनात है। ग्रामीणों ने हैड कांस्टेबल के उक्त लड़के व उसका साथ देने वाले कुछ छात्राओं के सबूत भी पुलिस को सौंपे। मौके पर ड्यूटी अधिकारी एएसआइ हरजिंदर सिंह ने बताया कि चोरी के मामले को ट्रेस करने लिए कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। उधर निरंजन सिंह, मेजर सिंह, हरदेव सिंह ने आरोप लगाया कि हेड कांस्टेबल के लड़के को बचाने के लिए पुलिस दूसरों को पकड़ रही है। थाना सरहाली की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिसके चलते ग्रामीणों में रोष पाया गया। डीएसपी सब डिवीजन पट्टी आजाद दविंदर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में अगर पुलिस कर्मी का लड़का पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।