विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में 10 विदेशी पिस्टल और 10 KG हेरोइन बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार; गैंगस्टरों को होनी थी सप्लाई

Published: Sat, 03 Oct 2026 12:45 AM (IST)

अमृतसर देहात पुलिस ने हेरोइन और हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ...और पढ़ें

अमृतसर में दस पिस्तौल और दस किलो हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार।

अमृतसर में दस पिस्तौल और दस किलो हेरोइन सहित चार तस्कर गिरफ्तार।

HighLights

  1. अमृतसर पुलिस ने हेरोइन-हथियार तस्कर गिरोह के चार सदस्य पकड़े।

  2. दस विदेशी पिस्तौल, दस मैगजीन और दस किलो हेरोइन बरामद।

  3. गिरफ्तार आरोपित पंजाब के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करते थे।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर देहात पुलिस ने हेरोइन और हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से दस विदेशी पिस्तौल, दस मैगजीन और दस किलो हेरोइन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट और असलहा एक्ट के आरोप में दो केस दर्ज कर लिए हैं। आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ जारी है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अमृतसर देहात पुलिस की लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की पुलिस ने गल्लूवाल गांव निवासी राजनप्रीत सिंह और राजाताल गांव निवासी विजय कुमार हथियारों की खेप डिलीवर करने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी कर दोनों को धर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से पांच ग्लाक पिस्तौल और पांच फाइव पीएक्स पिस्तौल बरामद किए गए। आईजी ने बताया कि उक्त सारे हथियार पंजाब के गैंग्सटर और बदमाशों को सप्लाई किए जाने थे। जांच में पता चला है कि विजय कुमार के खिलाफ पहले से 425 ग्राम हेरोइन बरामदगी का केस दर्ज है और वह जमानत पर छूटा है। जेल में रहते हुए आरोपित के बड़े तस्करों के साथ रिश्ते बने और उसने हथियार और हेरोइन बड़े स्तर पर करनी आरंभ कर दी थी।

आईजी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि विजय इससे पहले दस से बारह हथियारों की बड़ी खेप ठिकाने लगा चुका है। पुलिस आरोपितों के मोबाइल की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किन तस्करों और बदमाशों को हथियार सप्लाई कर चुकी है। इसी तरह अन्य मामले में थाना घरिंडा की पुलिस ने माहल गांव निवासी पारसदीप सिंह और काहनगढ़ निवासी गुरमुख सिंह दस किलो हेरोइन लेकर जा रहे हैं।

रास्ते में छापामारी कर पुलिस ने दोनों को धर लिया और तलाशी के दौरान दस किलो हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया है कि उक्त खेप कुख्यात गैंगस्टर किशन जंडियाला के इशारे पर सप्लाई की जा रही है। आईजी ने बताया कि पारसदीप सिंह इससे पहले भी हेरोइन की आठ दस खेप ठिकाने लगा चुका है। यह खेप छेहरटा इलाके से बड़ी होशियारी के साथ भेस बदल कर हासिल करता है।