प्रदेश का नाम रोशन करने वाले कलाकारों को राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पुरस्कार देगी योगी सरकार
योगी सरकार अफसरों को निर्देश दिये हैं कि जिस प्रकार बेगम अख्तर पुरस्कार दिया जाता है उसी तर्ज पर राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पुरस्कार देने के लिए योजना बनाई जाए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विभिन्न विधाओं में सूबे का नाम देश-विदेश में रोशन करने वाले कलाकारों को राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पुरस्कार देगी। संस्कृति मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को अफसरों को राज्य स्तरीय पुरस्कार देने संबंधी योजना बनाने के निर्देश दिए। पुरस्कार की राशि क्या होगी इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है।
मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में अफसरों के साथ बैठक कर कहा कि जिस प्रकार बेगम अख्तर पुरस्कार दिया जाता है उसी तर्ज पर राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पुरस्कार देने के लिए योजना बनाई जाए। बेगम अख्तर पुरस्कार में कलाकारों को पांच लाख रुपये, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इसी तरह का पुरस्कार अन्य विधाओं में भी दिया जाए।
साथ ही मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने उत्तर प्रदेश की नई संस्कृति नीति के संशोधित प्रस्ताव पर भी गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने अफसरों को जरूरी निर्देश भी दिए। दरअसल, समाजवादी पार्टी की सरकार में शुरू हुए यशभारती पुरस्कार विवादों में रहने के कारण कोई भी दूसरी सरकार नहीं बांटती। वर्ष 2017 में जब से भाजपा सरकार आई है तब से उत्तर प्रदेश में इन पुरस्कारों को नहीं दिया गया है। इसके कलाकारों को मिलने वाली 50 हजार रुपये की पेंशन पर भी रोक लगा रखी है।