वीरभद्र का तंज, भाजपा ने पुराना घोषणा पत्र तो नहीं पढ़ दिया
Virbhadra singh comment on BJP sankalp patra वीरभद्र सिंह ने भाजपा से पूछा है कि कहीं पुराना ही घोषणा पत्र तो नहीं पढ़ दिया।
शिमला, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा के संकल्प पत्र को जुमलो का पत्र करार देते हुए भाजपा से पूछा है कि कहीं पुराना ही घोषणा पत्र तो नहीं पढ़ दिया। वीरभद्र सिंह ने कहा इसमें नया कुछ भी नहीं है। वही पुराना राग राम मंदिर का निर्माण करने व संविधान की धारा 370 को समाप्त करने आदि। वीरभद्र सिंह ने कहा कि न तो बेराजगारों के लिए कोई वादा है, न किसानों के लिए। केवल सपने दिखाए गए हैं जो न तो पहले पूरे हुए और न ही आगे होंगे। इन्हीं मुद्दो को जनता के सामने रखकर 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। लेकिन पूरे पांच साल तक शासन करने के बाद भाजपा ने 2014 में अपने घोषणा पत्र में किए गए अधिकांश वादे को पूरा नहीं किया।
भाजपा 2019 में अब पुन: उन्हीं मुद्दों को लेकर देश की जनता को अपने मायाजाल में फंसाने की नाकाम कोशिश करने में लगे हुए हैं। देश की जनता भाजपा की कथनी व करनी में भेद समझ गई है और आने वाले चुनाव में उन्हें इसका सबक सिखाने का पूरा मन बना चुकी है। प्रदेश में वर्तमान सरकार का एक साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है प्रदेश में नेशनल हाईवे, स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में कोई कार्य नहीं हुआ है। मोदी और भाजपा सभी मुद्दों को छोड़कर ध्यान भटका कर अपने राजनीतिक लाभ उठाने के लिए देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को खतरे में डालकर पुलवामा हमले व सर्जिकल स्ट्राइक को मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह कर रही है। भाजपा का ऐसे मुद्दों का सहारा लेना देश के हित में बिल्कुल नहीं है।