छत्तीसगढ़ में बसपा का प्रचार करेंगे उत्तर प्रदेश के दिग्गज
35 सीटों पर छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।
नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के साथ गठबंधन कर 35 सीटों पर राज्य में चुनाव लड़ रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। राज्य में पार्टी सुप्रीमो मायावती, कर्नाटक सरकार के पूर्व मंत्री अन्ना के. महेश सहित कुल 40 प्रचारक राज्य में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाएंगे। प्रचारकों की सूची में ज्यादातर उत्तर प्रदेश के दिग्गज शामिल हैं।
बसपा के स्टार प्रचारकों की सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती सहित राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्र, सांसद अशोक सिद्घार्थ, पूर्व मंत्री लालजी वर्मा, पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, प्रदेश प्रभारी एमएल भारती, भीम राजभर, बसपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी वाजपेयी, अजय साहू, सहित ओमप्रकाश खुसरो, सत्यप्रकाश, रामजीत पनका आदि शामिल हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वाचपेयी ने स्टार प्रचारकों की सूची को निर्वाचन आयोग छत्तीसगढ़ को उपलब्ध करा दिया है। उम्मीद है कि मायावती राज्य में कई चुनावी रैली को संबोधित करेंगी।