यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- उपलब्धियाें के नाम पर विपक्ष की झोली है खाली
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं काे संगठन की मजबूती व आगामी चुनावों में जीत का मंत्र दिया।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विपक्ष की झोली उपलब्धियों के नाम पर खाली है और भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की सौम्यता, अनुशासन, जनसेवा और संपर्क-संवाद की पूंजी है। इसी के सहारे आने वाले विधान परिषद और पंचायत चुनाव में सबको जुटना है। स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के सम्मेलन को आनलाइन संबोधन की। इस दौरान 36 विधानसभा क्षेत्र सम्मेलन आयोजित किए गए।
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं काे संगठन की मजबूती व आगामी चुनावों में जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संरचना ही भाजपा की चुनावी विजय का आधार है। बूथ समितियों का सत्यापन भौतिक आधार पर कर प्रत्येक बूथ पर भाजपा का अभेद्य दुर्ग तैयार करना है। उन्होंने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा दृढ़ व यशस्वी नेतृत्व मौजूद है।
स्वतंत्र देव सिंह ने डिजिटल प्लेटफार्म पर संवाद में दक्षता को सराहते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान और विशेष पैकेज के बारे में विस्तार से बताया। कोरोना संक्रमण काल में कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यो की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान की कामयाबी आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश से संभव होगी। चीन से तनाव के मुद्दे पर स्वतंत्रदेव ने प्रधानमंत्री के फैसलों व अन्य कार्यो को एतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार चीनी सेनाएं अपने क्षेत्र में पीछे हटने काे मजबूर हुई है।
अलगाववादी ताकतों को मुंह तोड़ जवाब : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर के बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वपूर्ण व क्रान्तिकारी निर्णयों व कदमों से भारत की साख व सम्मान बढ़ा है। अलगाववादी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। स्पष्ट नीति और सटीक निर्णय लेकर दुनिया को दिखा दिया कि भारत हर समस्या से लड़ने में पूर्णतया सक्षम है। मोदी सरकार ने जनहित में उन फैसलों को अमलीजामा पहनाया है जो देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने वाले, सामाजिक व आर्थिक न्याय दिलाने के साथ-साथ हमारी वैचारिक प्रतिबद्धता को पूर्णता प्रदान करने वाले हैं।
आत्मनिर्भर भारत बनाने के नारे को बुलंद करने का आह्वान : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वदेशी व आत्मनिर्भर भारत बनाने के नारे को बुलंद करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुटता व संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह लाॅकडाउन में निर्धारित प्रोटोकाॅल पालन करने व कराने में कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया, उसी तरह वर्तमान में भी कार्यकर्ता कोई कोर कसर बाकी न रखें। चीन के मसले पर मौर्य ने कहा कि नीति व नियत अच्छी है इसलिये मंजिल भी आसानी से मिल जाती है। चुनावी मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि सौ में 60 हमारा है बाकी में बंटवारा है, नारे को सफल और सार्थक बनाना है।
यूपी को रेडीमेड गारमेंट हब बनाएंगे : उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आगरा के बाह विधानसभा क्षेत्र के वर्चुअल सम्मेलन में यूपी को रेडीमेड गारमेंट हब बनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में उठाए कदमों के बारे में बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की जानकारी दी अौर वोकल फाॅर लोकल का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने त्वरित निर्णय व प्रभावी योजना बनाकर अन्य स्थानों में फंसे हजारों लोगों को उनके घरों तक सुरक्षित भेजा। इसके अतिरिक्त 33 लाख लोगों को भरण-पोषण भत्ते के रूप में एक-एक हजार रूपये व खाद्यान्न दिया गया।
यूपी की हाॅटस्पाट योजना बनी पूरे देश में रोल माॅडल : उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी में उत्तर प्रदेश की हाॅटस्पाट योजना व अन्य रणनीति पूरे देश में रोल माॅडल बनी है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों के वर्चुअल सम्मेलनों में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने रार्वटसगंज व संजीव बालियान ने ददरौल क्षेत्र सम्मेलन को संबोधित किया। वहीं, प्रदेश सरकार के मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कुशीनगर, श्रीकांत शर्मा ने ठाकुरद्वारा, स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाटपार रानी, अनिल राजभर ने तरबगंज, नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने आजमगढ़ के मेंहनगर, नीलकंठ तिवारी ने फतेहपुर के हुसैनगंज, राम नरेश अग्निहोत्री ने लालगंज, अतुल गर्ग ने फर्रुखाबाद, संदीप सिंह ने भगवंतनगर, बलदेव सिंह ओलख ने बहराइच, महेश गुप्ता ने पिपराईच विधानसभा क्षेत्र सम्मेलनों में संवाद किया।
बुधवार को भाजपा के 45 वर्चुअल सम्मेलन : भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा क्षेत्रवार वर्चुअल सम्मेलनों की श्रंखला में बुधवार को 45 सम्मेलन होंगे। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र सम्मेलन को और केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय मथुरा के गोवर्द्धन व डॉ. संजीव बालियान सरधना क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने बताया कि प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना लखनऊ मध्य, आशुतोष टण्डन बबीना, श्रीकान्त शर्मा दातागंज, सुरेश राणा उरई, भूपेंद्र सिंह शिकोहाबाद, सतीश महाना मुरादाबाद महानगर, स्वामी प्रसाद मौर्य पूरनपुर, अनिल राजभर पुरवा, राम नरेश अग्निहोत्री मनकापुर, सतीश द्विवेदी गोपालपुर, डॉ. नीलकंठ तिवारी मारहरा, चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय सिराथू, रमाशंकर सिंह पटेल बांसगांव, संदीप सिंह थानाभवन, आनन्द स्वरूप शुक्ला मीरापुर, नीलिमा कटियार चंदौसी व सुरेश पासी घोसी विधानसभा क्षेत्र सम्मेलनों में संवाद करेंगे।
वर्चुअल सम्मेलन में यो भी होंगे शामिल : प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह पटियाली, बीएल वर्मा फाफामऊ, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल सकलडीह, कान्ता कर्दम छिबरामऊ, विद्यासागर सोनकर बरौली तथा लखीमपुर, गोविंद नारायण शुक्ला फतेहपुर, विजय बहादुर पाठक सलेमपुर, पंकज सिंह खैर, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह गोसाइगंज, अमर पाल मौर्य रूधौली, त्रयम्बक नाथ त्रिपाठी गोपामऊ, प्रकाश पाल बिजनौर, सुब्रत पाठक सुलतानपुर, देवेन्द्र सिंह ऊंचाहार व सांसद शिव प्रताप शुक्ला डूमरियागंज, सत्यदेव पचौरी मीरगंज, राजेश वर्मा पनियरा, विनोद सोनकर फेफना, कौशल किशोर हाटा, संजय सेठ शिकारपुर तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेनद्र सिंह भरथना, संगठन मंत्री रत्नाकर मुहम्मदाबाद, भवानी सिंह पुवायां व प्रद्युम्मन सीतापुर के सेउता क्षेत्र के वर्चुअल सम्मेलन में शामिल होंगे।