UP Assembly by-Polls: बीजेपी में जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश शुरू, जिलों में चर्चा के बाद तय होंगे प्रत्याशी
UP Assembly by-Polls उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उपाध्यक्ष और महामंत्रियों को जिलों में प्रमुख कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों से चर्चा करके संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने को कहा है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उपाध्यक्ष और महामंत्रियों को जिलों में प्रमुख कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों से चर्चा करके संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने को कहा है। इस कड़ी में महामंत्री अश्विनी त्यागी को फीरोजाबाद में टूंडला, अमरपाल मौर्य को बुलंदशहर, सुब्रत पाठक को अमरोहा में नौगवां सादात, जेपीएस राठौर को जौनपुर में मल्हनी, गोविंद नारायण शुक्ला को देवरिया, सलिल विश्नोई को उन्नाव की बांगरमऊ तथा विजय बहादुर पाठक को घाटमपुर से रिपोर्ट लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी सभी सात सीटों पर जीत हासिल करेगी। संगठन की सक्रियता और केंद्र व प्रदेश सरकारों की लोक कल्याणकारी योजनाएं भारतीय जनता पार्टी की विजय का मुख्य आधार होंगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की जिन सात विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव प्रस्तावित हैं, उनमें से छह पर भारतीय जनता पार्टी और एक पर समाजवादी पार्टी काबिज थी।
प्रसपा उम्मीदवार घोषित, सपा की चिंता बढ़ी : समाजवादी पार्टी और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की एकजुटता की संभावना को उस समय झटका लगा जब शिवपाल सिंह यादव ने दो विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। फीरोजाबाद की टूंडला सीट पर प्रकाश चंद्र मौर्य और बांगरमऊ सीट से किन्नर सोनम चिश्ती को मैदान में उतारा है। प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव का कहना है कि उपचुनावों को विधानसभा चुनाव का रिहर्सल माना जा रहा है। प्रसपा पूरी ताकत और तैयारी के साथ मैदान में है।