ये तस्वीरें रग-रग में भर देंगी नया उत्साह, जोश व जुनून के सैलाब में डूबा अटारी वाघा बॉर्डर
अटारी वाघा बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस की शाम में देशभक्ति के जोश और जुनून का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा माहौल अद्भूत उत्साह और उमंग से सराबोर करने वाला था।
अटारी (अमृतसर)। यह नजारा रग-रग में जोश और जुनून भर देता है। देशभक्ति के रंग में रंगा जनसैलाब यहां अटारी वाघा सीमा पर अद्भूत समां बांध रहा था। यहां स्वतंत्रता दिवस पर रिट्रीट सेरेमनी में इस बार माहौल बेहद जुदा था। यूं तो यहां हर बार स्वतंत्रता दिवस पर इस सेरेमनी में लोग भारी संख्या में आते हैं, लेकिन इस बार यह रिकार्ड तोड़ता हुआ दिखा।
अनुमान लगाया जा रहा है 50 हजार से ज्यादा लोग यहां पहुंचे थे। दर्शकों के लिए बनाई गईं सारी गैलरियां खचाखच भरी थीं और गैलरियों के बाहर दूर-दूर तक लोगों की भारी भीड़ थी। हालात यह थे कि हजारों की संख्या में लोगों को रास्ते से ही मायूस होकर लौटना पड़ा।
अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी के दौरान जोश में भरे युवा।
अटारी बॉर्डर पर पहुंचे लोगों में महिलाएं भी काफी संख्या में थीं। रिट्रीट सेरेमनी के दौरान युवाओं का जोश देखने लायक था। लोग हाथों में तिरंगा लहरा रहे थे और देशभक्ति के गीत गा रहे थे। पूरा माहौल देशभक्ति के तरानों से गूंज रहा था। दर्शकों में हर उम्र के लोग थे।
अटारी बॉर्डर पर मौजूद लोग।
दर्शकों में हर उम्र के लोग थे।
अटारी वाघा बॉर्डर पर जोश व जुनून में डूबे युवा।
इस दौरान पूरा माहौल जय हिंद, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के घोष से गुंजायमान हो रहा था। पाकिस्तान में भी दूर-दूर तक यह घोष गूंज रहा था और सीमा पार से भी पाकिस्तानी लोग इस नजारे को देख रहे थे। अटारी बॉर्डर पर दर्शक दीर्घा में काफी संख्या में विदेशी पर्यटक भी नजर आए और वे भी इस नजारे को देख कर आह्लादित थे।
अटारी बॉर्डर पर दशर्क दीर्घा में मौजूद विदेशी पर्यटक भी जोश व उत्साह मेें नजर आए।
चारों ओर राष्ट्रीय ध्वज ध्वज लहरा रहा था। काफी संख्या में युवा सैनिकों की पोशाक में नजर आए। देश के हर काेने से लोग यहां पहुंचे थे। इस रिट्रीट सेरेमनी के गवाह बने लोगों का कहना था कि उन्हें यह नजारा ताउम्र याद रहेगा। यह बेमिसाल और अनूठा अनुभव है।
अटारी बाॅर्डर पर जोश में भरे लोग।
रिट्रीट सेरेमनी में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने का भी असर दिखा। लोग इसको लेकर भी बहुत खुश थे। उनका कहना था कि इससे भारत की मजबूत शक्ति और जज्बा उजागर हुआ है।
अटारी बॉर्डर पर उमड़ी भीड़।