सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- हवाई घोषणाओं में ही वक्त काट रही उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का चौथा वर्ष चल रहा है लेकिन केवल हवाई घोषणाओं में ही वक्त काटा जा रहा है। प्रदेश में न रोजगार न किसानों के साथ न्याय न कानून व्यवस्था का राज और न ही विकास का बुनियादी ढांचा।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तंज किया है कि उसका चौथा वर्ष चल रहा है, लेकिन केवल हवाई घोषणाओं में ही वक्त काटा जा रहा है। रविवार को जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि बिना काम किए इतना वक्त काट दिया गया तो चलते-चलते कुछ नहीं तो मंत्र के सहारे जनता को गुमराह किया जा सकता है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि न रोजगार, न किसानों के साथ न्याय, न कानून व्यवस्था का राज और न ही विकास का बुनियादी ढांचा, फिर भी आश्चर्य भाजपा सरकार चल रही है। उन्होंने पूछा कि तीन लाख रोजगार तीन वर्षों में कहां और कैसे उपलब्ध कराए गए हैं? कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। राज्य की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि किसानों के लाभ की कई योजनाएं बंद हो रही हैं। गन्ना किसानों को भुगतान नहीं करने वाले चीनी मिलों पर कार्यवाही के नाम पर चुप्पी क्यों? सड़कें गड्ढामुक्त करने की तारीखें तो कई बार बदल चुकी हैं लेकिन अभी तक कुछ सुधार नहीं हुआ।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई सिर्फ मजाक है। प्राथमिक और नर्सरी के बच्चों का कोई पुरसाहाल नहीं। अभिभावक अभी कोरोना से डरे सहमे हैं, अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते हैं। अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिलती हैं, डॉक्टर नियमित ओपीडी में नही बैठते हैं। उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बनकर रह गया है।