सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, झूठे दावों के बल पर दिन काट रही भाजपा सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना संकट की आड़ में भाजपा ने देश की बिगड़ती स्थितियों को छुपाने का काम चतुराई से किया है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे दावों के बल पर ही अपने दिन काट रही है। अपनी गलत नीतियों के चलते उन्होंने देश का भारी नुकसान किया है। इसके लिए उन्हें न तो संकोच है और न ही अफसोस है। लुभावनी योजनाओं के बल पर ये सरकार जनता को भ्रमित ही करती है, लेकिन अब जनता के सामने सच्चाई आने लगी है। यही जनता एक दिन भाजपा से पूरा हिसाब लेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि कोरोना संकट की आड़ में भाजपा ने देश की बिगड़ती स्थितियों को छुपाने का काम चतुराई से किया है। शीर्ष नेतृत्व से लेकर दूसरे भाजपा नेता यही दावा करते रहते हैं कि तमाम दिक्कतों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था में सुधार के लक्षण हैं। भाजपा के इन दावों की पोल खुद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक शोध और क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इक्रा की रिपोर्ट से खुल गई है। जून में खुदरा महंगाई दर 6.98 फीसद रही हैं। अभी महंगाई और बढ़ने के आसार है। जनता की जेब खाली है। जिंदगी के दिन और संकटमय होंगे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उपभोक्ता वस्तुओं के दामों में और वृद्धि होगी। इससे जनसामान्य का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित होना है। अभी भी खाद्य वस्तुओं के अलावा सब्जियों के दाम काफी बढ़े हुए हैं। डीजल के दामों में हालिया वृद्धि से परिवहन महंगा हुआ है। उससे भी सामान ढुलाई के दाम बढ़ने से बाजार पर बुरा असर पड़ा है। बैंको में फंसे कर्ज की हालत सुधरने के आसार नहीं, उनका एनपीए बढ़ने की ही पूरी संभावना है।