मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या जाएगी हरियाणा के 6500 गांवों की रज, चलेगा रामरथ
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हरियाणा के 6500 गांवों की रज (मिट्टी) ले जाएगी। इसके लिए इन गांवों से रामरथ गुजरेगा। इस दौरान राम महाेत्सव भी मनाया जाएगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। अयोध्या में श्री रामजन्म भूमि पर भगवान राम का भव्य मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले विश्व हिंदू परिषद की हरियाणा इकाई राज्य के 6500 गांवों में राम महोत्सव मनाएगी। राम महोत्सव के दौरान राज्य के सभी 6500 गांवों में राम रथ जाएगा। इस दौरान गांव के मंदिरों से रज (मिट्टी) ली जाएगी। यह मिट्टी मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या ले जाई जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि राम मंदिर को लेकर हरियाणा के लोगों में भी काफी उत्साह है। राम मंदिर के निर्माण के उपलक्ष्य में विहिप द्वारा हरियाणा के 6500 गांवों में राम महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान गांवों से रामरथ गुजरेगा। सभी गांवों में मंदिरों से 50-50 ग्राम मिट्टी (रज) ली जाएगी। यह रज रोहतक में एकत्र की जाएगी।
रमेश गुप्ता ने बताया कि रोहतक में एकत्र की गई रज को 9 अप्रैल को अयोध्या श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भेज दिया जाएगा। हरियाणा में राम महोत्सव 25 मार्च से 8 अप्रैल तक मनाया जाएगा। 25 मार्च को एक साथ 65 रथ सभी 22 जिला मुख्यालयों से रवाना किए जाएंगे। प्रत्येक रथ में विहिप कार्यकर्ताओं से लेकर एक पूज्य संत भी होंगे। सभी गांवों में पूज्य संत के रामजन्म भूमि और भव्य राम मंदिर के संबंध में प्रवचन भी होंगे।
उन्होंने बताया कि विहिप की हरियाणा इकाई ने राम महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए यह भी निर्णय लिया है कि जो रामभक्त हरियाणा से अयोध्या में कारसेवा के लिए गए थे उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जो कारसेवक शहीद हो गए थे, उन्हें उनके परिजनों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। विहिप के प्रदेशाध्यक्ष रमेश गुप्ता के अनुसार कारसेवकों की सूची तैयार की जा रही है।
यह भी पढ़ें: करतारपुर कॉरिडोर पर फिर कलह, जानें क्यों खड़े हुए पाकिस्तान की मंशा पर सवाल
---------
'' राम महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 6500 गांवों तक पहुंचने के लिए 65 रथ तैयार करवाए जाएंगे। गांव के लोगों को संतों का आशीर्वाद भी मिले इसलिए इन सभी रथों में विहिप कार्यकर्ताओं और व्यवस्थापकों के अलावा एक पूज्य संत भी सवार रहेंगे।
- रमेश गुप्ता, अध्यक्ष, विहिप।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें ठप
यह भी पढ़ें: करतारपुर पर बयान से विवाद के बाद बोले DGP- श्रद्धालुओं से नहीं, पाक में बैठे भारत विरोधियों से खतरा
यह भी पढ़ें: अपने घर में ही बहू-बेटे ने की लूट, लव मैरिज के बाद कर्ज चुकाने को परिवार से किया धोखा