शिवपाल यादव बोले, चुनाव के समय याद आता है भाजपा को राममंदिर
शिवपाल यादव ने कहा कि अगर अयोध्या में विवादित भूमि को छोड़कर सरयू के किनारे खाली भूमि पर मंदिर बनाया जाता है तो हमारी पार्टी भी साथ देगी।
बरेली(जेएनएन)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा को राम मंदिर का मुद्दा याद आता है। उससे पहले तक मंदिर को भूले रहते हैं। बोले, विवादित स्थल पर मंदिर नहीं बनना चाहिए। अभी मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो किसी भी कीमत पर सुप्रीम कोर्ट की अवेहलना नहीं करनी चाहिए। अगर अयोध्या में विवादित भूमि को छोड़कर सरयू के किनारे खाली भूमि पर मंदिर बनाया जाता है तो हमारी पार्टी भी साथ देगी। वह एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आए थे। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने हनुमान जी की जाति को लेकर चल रही बयानबाजी को ओछी राजनीति बताते हुए कहा कि हनुमान जी भगवान का रूप है और भगवान को जाति में नहीं बांटना चाहिए। जो लोग उन्हें जाति में बांटने की कोशिश कर रहें है उनकी सोच बहुत छोटी है। पता नहीं किस फायदे के लिए ये बात हो रही है।
गठबंधन के लिए तैयार है
गठबंधन के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उनका संगठन सूबे के 75 जिलों में है। पार्टी का बढ़ता जनाधार इस बात का सबूत है कि हम अपने बलबूते चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी सभी सीटों पर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। यदि सपा, कांग्रेस, बसपा या कोई भी पार्टी आगे आकर वार्ता करती है तो हम गठबंधन करेंगे। बगैर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कोई भाजपा को हटा नहीं सकता है। कहा कि विधान सभा चुनाव से पहले एचडी देवगोड़ा, नितीश, लालू, अंसारी बंधु व अन्य नेताओं को एक मंच पर लाकर खड़ा किया। जिसका परिणाम यह रहा कि बिहार में नितीश कुमार की सरकार बनी। यदि कोई हमारा साथ मांगता है तो अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। यदि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह मैनपुरी से चुनाव लड़ते हैं तो सीट छोड़कर उनका साथ देंगे।