Maharashtra: शिवसेना ने सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना
Shiv Sena शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रकाशित संपादकीय के मुताबिक अंदरूनी लोग ही राहुल गांधी के नेतृत्व को खत्म करने की साजिश में लगे हुए हैं तो पार्टी की पराजय निश्चित है।
मुंबई, प्रेट्र। Shiv Sena: सोनिया गांधी को कांग्रेस के पूर्णकालिक अध्यक्ष के लिए पत्र लिखने वाले 23 नेताओं की शिवसेना ने कड़ी आलोचना की है। इसने कहा है कि यह राहुल गांधी के नेतृत्व को खत्म करने की साजिश है। शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रकाशित संपादकीय में कहा गया है कि जब भाजपा राहुल गांधी पर हमला कर रही थी, तब ये नेता कहां थे? जब उन्होंने कांग्रेस की अध्यक्षता छोड़ी थी, तब इन नेताओं ने पार्टी को पुनर्जीवित करने की चुनौती क्यों नहीं स्वीकार की? संपादकीय में कहा गया है कि जब अंदरूनी लोग ही राहुल गांधी के नेतृत्व को खत्म करने की साजिश में लगे हुए हैं, तो पार्टी की पराजय निश्चित है। यह एक ऐसा नुकसान है, जो भाजपा ने भी उन्हें नहीं पहुंचाया है।
संपादकीय के अनुसार, उनमें से कोई जिला स्तर का नेता भी नहीं है। लेकिन, नेहरू परिवार के नेतृत्व की मदद से वे मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक बने। सभी राज्यों में कांग्रेस के बड़े नेता सिर्फ अपनी कुर्सी सुरक्षित करने में लगे हुए हैं। उन्हें पार्टी की कोई चिंता नहीं है। यदि उनमें किसी को रास्ता नहीं मिलता है, तो वे भाजपा में शामिल हो जाते हैं। यह एक मात्र सक्रियता है, जो उनमें दिखती है। इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी क्या कर सकते हैं? सामना ने लिखा कि ये लोग राजनीति के नए कोरोना वायरस हैं।
खुद को पुनर्जीवित करे कांग्रेसः संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि देश में इस समय एक मजबूत विपक्ष की जरूरत को देखते हुए कांग्रेस को खुद को पुनर्जीवित करने की जरूरत है। पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने कहा कि कांग्रेस की अखिल भारतीय पहचान है और उसको मौजूदा स्थिति से बाहर आना चाहिए। राहुल गांधी को कांग्रेस में अकेले स्वीकार्य नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि कुछ वरिष्ठ नेताओं के चलते वे काम नहीं कर पाते हैं।