जुगाड़ से चल रही राजस्थान सरकार: सतीश पूनिया
Satish poonia. सतीश पूनिया ने कहा कि जिस तरह बसपा के छह विधायक कांग्रेस में शामिल हुए। उससे यह लगता है कि विधायकों ने बसपा का प्रयोगशाला के तौर पर इस्तेमाल किया है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान भाजपा के नए अध्यक्ष सतीश पूनिया का कहना है कि राजस्थान की सरकार जुगाड़ से चल रही है। दौसा जिले में मीडिया से बातचीत में पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो चुका हैं और कानून व्यवस्था चौपट है। पूनिया ने कहा कि जिस तरह बसपा के छह विधायक कांग्रेस में शामिल हुए। उससे यह लगता है कि विधायकों ने बसपा का प्रयोगशाला के तौर पर इस्तेमाल किया है।
उन्होंने कहा कि बसपा के विधायकों ने पद व सत्ता के लालच के लिए यह कार्य किया है। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ तीसरे मोर्चे की कल्पना की थी, लेकिन जिस तरह कांग्रेस में ध्रुवीकरण हो रहा है, उससे कांग्रेस की यह कल्पना भी कमजोर हो गई है। उन्होंने आगामी निकाय चुनाव पर कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता प्रदेश में सक्रिय है। आगामी निकाय चुनाव में भाजपा की प्रदेश में जबरदस्त तरीके से वापसी होगी।
राजस्थान में बसपा के सभी विधायकों ने थामा कांग्रेस का हाथ
राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सभी छह विधायकों ने सोमवार को सत्तारूढ़ दल कांग्रेस का 'हाथ' थाम लिया। उन्होंने सोमवार रात कांग्रेस में विलय का पत्र विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को सौंप दिया। जोशी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बसपा के विधायकों ने मुझे पत्र सौंपे हैं। विधायक राजेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह अवाना, वाजिब अली, लखन सिंह मीणा, संदीप यादव तथा दीपचंद ने कहा कि वह अपने विधायक दल का कांग्रेस में विलय कर रहे हैं।
कांग्रेस के एक नेता ने कहा- 'बसपा के सभी छह विधायक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निरंतर संपर्क में थे और सोमवार को वह कांग्रेस में शामिल हो गए। गौरतलब है कि 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के सौ विधायक हैं। राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के एक विधायक का भी कांग्रेस को समर्थन हासिल है। इसके अलावा 13 में 12 निर्दलीय विधायकों ने भी समर्थन दिया है। दो सीटें अभी रिक्त हैं।