उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर बोले राठौर-यह तो ट्रेलर था फिल्म अभी बाकी
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की हार सिर्फ ट्रेलर था फिल्म अभी बाकी है। यह बात मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने झलेड़ा में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में कांग्रेस में बिखराव को लेकर पहले वाला समय बदल गया है।
ऊना,जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की हार सिर्फ ट्रेलर था, फिल्म अभी बाकी है। यह बात मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने झलेड़ा में पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में कांग्रेस में बिखराव को लेकर पहले वाला समय बदल गया है। अब एकजुट होकर सभी को इस सीट को जीतकर पार्टी की झोली में डालना पड़ेगा। जो व्यक्ति पार्टी के बीच रहकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का कार्य करेगा, उसे निश्चित रूप से पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उनका अगला लक्ष्य प्रदेश के उन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत बनाना है, जहां कभी पार्टी जीत हासिल नहीं कर पाई है। इस सिलसिले में प्रदेश के 20 विधानसभा क्षेत्रों पर पूरा ध्यान केंद्रित किया गया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसान, बागबान और पूरा समाज महंगाई व बेरोजगारी के कारण परेशान है। संगठन में धैर्य और संयम के साथ कार्य करने पर ही कामयाब हो सकते हैं। टिकट के चाहवान बहुत हो सकते हैं। टिकट ही सब कुछ नहीं है। अब नेताओं की प्राथमिकता आपसी खींचतान छोड़कर मजबूती के साथ राज्य में सरकार बनाना होनी चाहिए। जो लोग संगठन में बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें सत्ता में आने पर सरकार में अच्छे दायित्व दिए जा सकते हैं। इस दौरान कुटलैहड़ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राणा रणजीत ङ्क्षसह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डा. विजय डोगरा व ब्लाक युकां अध्यक्ष मुनीष बैंस समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
झलेड़ा में प्रभात फेरी, हटली में निकाली जनजागरण यात्रा
जनजागरण अभियान के तहत मंगलवार को कुटलैहड़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झलेड़ा में प्रभात फेरी निकाली। जनजागरण अभियान का शुभारंभ जमासनी माता मंदिर बैरी से किया गया। कुलदीप राठौर ने बंगाणा क्षेत्र के हटली में जनजागरण यात्रा में भाग लिया।