Rajya Sabha Election 2020: राज्यसभा में और बढ़ेगी यूपी बीजेपी की हिस्सेदारी, विपक्ष का बिखराव होगा फायदेमंद
Rajya Sabha Election 2020 उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों पर होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा भारी रहना तय है। विधायकों की संख्या और विपक्ष के बिखराव के चलते भाजपा के खाते में नौ सीटें जाने की पूरी उम्मीद है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों पर होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा भारी रहना तय है। विधायकों की संख्या और विपक्ष के बिखराव के चलते भाजपा के खाते में नौ सीटें जाने की पूरी उम्मीद है। विपक्ष में केवल समाजवादी पार्टी का खाता ही खुल पाएगा यानी उसको भी तीन सीटों का नुकसान उठाना पड़ेगा। समाजवादी पार्टी से सिर्फ रामगोपाल यादव ही फिर से राज्यसभा पहुंच सकेंगे। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को खाली हाथ रहना पड़ सकता है।
विधायकों के वोट के आधार पर होने वाले इस चुनाव में संख्या बल की दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगी दल व निर्दलियों का समर्थन मिलने के कारण विपक्ष पर बहुत भारी है। कुल 403 विधायकों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में आठ सीटें रिक्त हैं और सात पर उपचुनाव हो रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होने तक तक विधानसभा उपचुनावों का परिणाम नहीं आ सकेगा, इसलिए हर सदस्य को जीत के लिए लगभग 37 वोट चाहिए। वर्तमान में भाजपा के पास 305 विधायक हैं और अपना दल के नौ व तीन निर्दल विधायकों का भी समर्थन मिल रहा है।
उधर, विपक्षी दलों में से समाजवादी पार्टी के पास 48, बहुजन समाज पार्टी के 18, कांग्रेस के सात और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार विधायक हैं। ऐसे में विपक्ष केवल कोई साझा उम्मीदवार उतारकर ही चुनाव लड़ने की स्थिति में आ सकता है, जो मौजूदा परिस्थितियों में असंभव दिखता है। भाजपा को विपक्षी दलों में बगावत का लाभ भी मिलता दिख रहा है। कांग्रेस के सात में से दो विधायक तथा बहुजन समाज पार्टी के भी 18 में से दो विधायक निलंबित चल रहे हैं। इसी तरह समाजवादी पार्टी में शिवपाल व नितिन अग्रवाल की मौजूदगी भी केवल कागजों में है।
...तो भाजपा के होंगे 26 राज्यसभा सदस्य : राज्यसभा में उत्तर प्रदेश से 31 सदस्य चुने जाते हैं। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के 17, समाजवादी पार्टी के आठ, बहुजन समाज पार्टी के चार और कांग्रेस के दो सदस्य हैं। चुनाव के बाद राज्यसभा में उत्तर प्रदेश भारतीय समाज पार्टी की हिस्सेदारी बढ़कर 26 सदस्य होने की उम्मीद है, जबकि अन्य दलों को नुकसान उठाना पड़ेगा। बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो सपा के पांच, बसपा के दो और कांग्रेस का एक सदस्य ही उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में रह जाएगा।
जिनका कार्यकाल हो रहा है पूरा : समाजवादी पार्टी के प्रो.रामगोपाल यादव, जावेद अली, डॉ.चंद्रपाल सिंह यादव, रविप्रकाश वर्मा, भारतीय जनता पार्टी के अरुण सिंह, नीरज शेखर व हरदीप सिंह पुरी, बहुजन समाज पार्टी के राजाराम व वीर सिंह और कांग्रेस के पीएल पुनिया।