Gujarat: कांग्रेस एकजुट, विजय रूपाणी बनेंगे गवर्नरः राजीव सातव
Rajiv Satav गुजरात कांग्रेस के प्रभारी व सांसद राजीव सातव ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि उपचुनाव के बाद रूपाणी किसी राज्य के गवर्नर बनकर जा रहे हैं या प्रभारी इसकी आशंकाएं सबसे अधिक नजर आ रही है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Rajiv Satav: गुजरात में विधानसभा की आठ सीटों पर हो रहा उपचुनाव अब भाऊ वर्सेज भाई के बीच जंग में तब्दील होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने जहां उपचुनाव के बाद कांग्रेस के टूटने की आशंका जताई, वहीं कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव ने पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव बाद रूपाणी गवर्नर बनेंगे या प्रभारी। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष की कमान सांसद सीआर पाटिल को सौंपे जाने के बाद से ही कांग्रेस नेता पाटिल भाऊ व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के बीच सत्ता के दो केंद्र बनने का आरोप लगाते आ रहे हैं। रूपाणी ने हाल ही कांग्रेस में गुटबाजी होने का दावा करते हुए कहा था कि उपचुनाव के बाद कांग्रेस फिर टूटेगी।रूपाणी ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को भाजपा में शामिल करेंगे या नहीं यह भविष्य की बात है। रूपाणी ने निकट भविष्य में मंत्रिमंडल विस्तार की खबर विराम लगाते हुए कहा कि राज्य में ऐसा कुछ होने वाला नहीं है।
वहीं, गुजरात कांग्रेस के प्रभारी व सांसद राजीव सातव ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि उपचुनाव के बाद रूपाणी किसी राज्य के गवर्नर बनकर जा रहे हैं या प्रभारी, इसकी आशंकाएं सबसे अधिक नजर आ रही है। सातव ने कहा कि गुजरात कांग्रेस एकजुट है तथा सभी आठ सीटों पर उनकी पार्टी जीतेगी। सातव ने कहा कि जब से पाटिल भाऊ को भाजपा का अध्यक्ष बनाया है, तब से गुजरात में सरकार व संगठन के बीच खींचतान चल रही है। पाटिल ने कार्यकर्ताओं का काम कराने के लिए सरकार के मंत्रियों को पार्टी कार्यालय कमलम पर बैठने को मजबूर कर दिया। इस पर पाटिल ने कहा कि सचिवालय में अधिक भीड़ होने के कारण पार्टी कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं की समस्या के समाधान के लिए यह सुनवाई की व्यवस्था की गई थी।
भाऊ व भाई की लडाई में पिस रहे काका
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल पर सोमवार को चप्पल फेंकने वाला रश्मिन पटेल वडोदरा के शिनोर का रहने वाला है। वह भाजपा का तहसील प्रमुख रह चुका है तथा 2010 में वह भाजपा के टिकट पर पंचायत चुनाव जीत चुका है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने बताया कि पुलिस ने रश्मिन की धरपकड़ कर ली है। उसकी पत्नी भी शिनोर ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी है। मनीश ने कहा कि भाऊ व भाई की लड़ाई में नितिन काका पिस रहे हैं।