Citizenship Amendment Act: सोनिया, प्रियंका व राहुल को लेकर भाजपा विधायक का विवादास्पद बयान
Citizenship Amendment Act दिलावर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लोग देश को जला रहे हैं। पुलिस को मार रहे हैं। ऐसे लोगों को जो नेता समर्थन दे रहे हैं वे देश के दुश्मन हैं।
जयपुर, जागरण संवाददाता। Citizenship Amendment Act: राजस्थान के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक मदन दिलावर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के संदर्भ में कहा कि जो लोग पाकिस्तान से प्यार करते हैं, उन्हें देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों को यदि पाकिस्तान और बांग्लादेश से प्यार है तो वहीं चले जाएं। यदि दोनों देश भी उन्हें स्वीकार नहीं करते हैं तो उन्हें हिंद महासागर में डूबकर मर जाना चाहिए।
दिलावर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लोग देश को जला रहे हैं। पुलिस को मार रहे हैं। ऐसे लोगों को जो नेता समर्थन दे रहे हैं वे देश के दुश्मन हैं। फिर चाहे सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी या फिर राहुल गांधी ही क्यों न हों। दिलावर ने यह बयान सोमवार देर शाम बूंदी जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया। उनके इस बयान का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू हो
दिलावर ने कांग्रेस को अनुसूचित जाति और जनजाति विरोधी बताया। कांग्रेस को देश का दुश्मन बताते हुए उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना चाहिए और सख्ती से इसका पालन होना चाहिए। दो से अधिक बच्चे पैदा करने वालों की सरकारी सुविधाएं खत्म की जानी चाहिए। उल्लेखनीय है कि दिलावर अपने विवादास्पद बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं ।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के नाम पर उत्पात, लूटपाट
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गत दिनों जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग जोधपुर की सड़कों पर निकले। हालांकि पुलिस ने इसे देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए थे लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों से झुंड बनाकर पहुंचे युवकों ने विरोध के नाम पर लूटपाट की और गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। कई जगहों पर पथराव की सूचना भी मिली।