Move to Jagran APP

मुजफ्फरनगर में धरना में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, नेशनल हाइवे पर पराली जलाकर आगजनी का प्रयास

Protest of Farm Bill in UP उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी सीतापुर तथा रायबरेली के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आज विभिन्न दल के नेताओं के साथ सड़कों पर उतरे हैं। उत्तर प्रदेश में कृषि बिल के खिलाफ बड़ी संख्या मे किसानों का हल्लाबोल है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 25 Sep 2020 11:27 AM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2020 06:27 PM (IST)
मुजफ्फरनगर में धरना में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, नेशनल हाइवे पर पराली जलाकर आगजनी का प्रयास
बागपत में हाईवे पर जाम लगाकर खाना बनाने की तैयारी में भाकियू कार्यकर्ता

लखनऊ, जेएनएन। Bharat Bandh News Update: केंद्र सरकार के कृषि बिल के खिलाफ आज  (शुक्रवार) देश भर में तमाम विपक्षी पार्टियों के साथ भारतीय किसान यूनियन के देशव्यापी बंद का असर देखने को मिल रहा है। संसद के दोनों सदनों से कृषि बिल पास हो चुके हैं। अब तो बस राष्ट्रपति के दस्तखत का इंतजार है, लेकिन विरोध कम होता नहीं दिख रहा है।

loksabha election banner

मुजफ्फरनगर में किसानों के साथ धरना देने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी लालूहेड़ी पहुंचे। चौधरी नरेश टिकैत हाल ही में लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिले थे। 

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी, सीतापुर तथा रायबरेली के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आज विभिन्न दल के नेताओं के साथ सड़कों पर उतरे हैं। कई जगह पर पराली जलाई गई है। पुलिस के बेहद मुस्तैद रहने के बाद भी कई जगह पर सड़क जाम करने का प्रयास भी किया गया है। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी किसान इसके विरोध में सड़क पर उतरे हैं।

देशव्यापी बंदी में 31 संगठन शामिल

कृषि बिल के विरोध में आज किसानों का देशव्यापी बंद है। इसमें 31 संगठन शामिल हो रहे हैं। किसान संगठनों को कांग्रेस, आरजेडी, समाजवादी पार्टी, अकाली दल, आप, टीएमसी समेत कई पार्टियों का साथ भी मिला है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों मे इसका थोड़ा असर है। इस बिल पर मोदी सरकार के आश्वासन के बाद भी किसानों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। इनके साथ विपक्षी संगठन भी लामबंद हैं।

पराली जलाकर जताया विरोध 

उत्तर प्रदेश में कृषि बिल के खिलाफ बड़ी संख्या मे किसानों का हल्लाबोल है। आज लखनऊ से सटे बाराबंकी के साथ ही बागपत व मिर्जापुर में किसान जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।। इस दौरान नेशनल हाइवे पर पराली जलाकर आगजनी का प्रयास भी किया गया है। कई जगह पर सड़क जाम करने के साथ किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। हर जगह पर पर्याप्त संख्या में पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी मुस्तैद हैं।

तीनों विधेयक लिए जाएं वापस, नहीं तो जारी रहेगी लड़ाई : किसान  

लखनऊ के मोहनलालगंज में सैकड़ों की संख्या में किसान तहसील में पहुंचे। यह सभी किसान बिल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बाराबंकी में सैकड़ों की संख्या में किसानों ने अयोध्या-लखनऊ हाइवे जाम कर दिया है। किसान आंदोलन से राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हाइवे के दोनों तरफ गाडिय़ों की लंबी लाइनें लग गईं हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र के कृषि बिल से न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था खत्म हो जाएगी और कृषि क्षेत्र भी देश के बड़े पूंजीपतियों के हाथों में चला जाएगा। किसानों ने कहा कि तीनों विधेयक वापस लिए जाने तक वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

किसान अध्यादेश बिल पास होने के विरोध में रायबरेली में किसान कांग्रेस की अगुवाई में शहीद स्मारक पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। करीब एक सैकड़ा किसान इस प्रदर्शन में शामिल हुए है। जिसमें कांग्रेस किसान के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरुण पटेल भी आए और उपवास रखकर इस बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह किसानों की तपोभूमि है। 21 जनवरी 1947 को लगान का विरोध कर रहे किसानों पर अंग्रेजों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनको मौत की नींद सुला दिया था। 750 किसान शाहिद हुए थे। वही करीबन 1500 किसान गंभीर रूप घायल हुए थे। इसलिए किसानों के हित के लिए सदन में पेश हुए बिल का विरोध किसानों की तपोभूमि पर बैठकर करने का निर्माण लिया है। उधर सपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव की अगुवाई में पदाधिकारियों ने इसी मुद्दे को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया है। जिसमें पूर्व विधायक पंजाबी सिंह, आशा किशोर, राम लाल अकेला आदि मौजूद रहे।

सहारनपुर में भारतीय किसान यूनियन के नेताओं के साथ किसानों ने दिल्ली-देहरादून एनएच 307 पर दरी बिछाकर हाईवे पर कब्जा किया। इससे वहां पर पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

सीतापुर में किसान बिल के विरोध में कई संगठन मैदान में उतरे हैं। इसी बिल के विरोध में शुक्रवार सुबह लोगों ने सीतापुर बरेली नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इस जाम की सूचना पाकर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। वहां पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाकियू के चक्का जाम, पीएसी बल तैनात 

मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन ने कृषि विधेयक के विरोध के साथ गन्ना भुगतान व किसानों की समस्याओं को लेकर चक्का किया। जिले के दस स्थानों पर कार्यकर्ता एकत्र होने के बाद यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के नेतृत्व में हाईवे पर पहुंचे। पहले चरण में हाईवे जाम कर किसान कफ्र्यू लगाया जा रहा है। दिन निकलते ही कार्यकर्ता टैक्टर-ट्रॉली लेकर पूर्व रणानीति के तहत बताए गए स्थानों पर पहुंचे। भाकियू के चक्का जाम को लेकर पुलिस व प्रशासन भी अलर्ट है। खतौली, रामपुर तिराहा, तितावी आदि के साथ शहर के भीतर भी सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट किया गया है। पीएसी बल तैनात किया गया है।  

भाकियू कार्यकर्ताओं ने बागपत, बड़ौत और अग्रवाल मंडी टटीरी आदि स्थानों पर जाम लगाकर धरना दिया। किसानों ने कृषि विधेयकों के विरोध में जमकर भड़ास निकाली। वहीं जाम के कारण आम जन को परेशानी हो रही है। पुलिस-प्रशासन भी चक्का जाम वाले स्थानों पर मुस्तैद है। भाकियू जिलाध्यक्ष चौ. प्रताप सिंह गुर्जर ने बागपत में राष्ट्रवंदना चौक पर चक्का जाम के दौरान कहा हमारी मांग है कि सरकार कृषि विधेयकों को खत्म करें या फिर उसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू रहने की बात जोड़ी जाए। वहीं किसानों ने बिजली, डीजल की दाम कम करने, उर्वरकों की कमी दूर कराने, गन्ना भुगतान कराने और किसानों के बच्चों की स्कूलों की फीस माफ कराने की मांग की है।

प्रयागराज में  कृषि बिल के विरोध में किसानों ने धरना दिया। प्रयागराज में बड़ी संख्या में किसान कानपुर हाइवे पर धरने पर बैठे। यहां पर भाकियू के बैनर तले किसान का आंदोलन चल रहा है। यहां पर किसानों के धरने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। यहां पर वन-वे ट्रैफिक से वाहनों को निकाला जा रहा है। यहां मौके पर खुल्दाबाद व धूमनगंज पुलिस मौजूद है। 

चंदौली में कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इन सभी ने कृषि बिल के विरोध में कलेक्ट्रेट का घेराव किया। 

बरेली में मीरगंज में किसानों का धरना शुरू हो गया है। किसान रोड से दूर हैं, मगर वह लोग जाम न लगा सकें तो एहतियात में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बे में पुलिस तैनात है।

पीलीभीत जिले में बिठूरा टोल प्लाजा पर किसान जुटे। शाहजहांपुर और बदायूं में किसान सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान यूनियन के नेताओं से पुलिस बात कर रही।

महोबा में भारतीय किसान यूनियन की ओर से महोबा कलेक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन दिया गया। यहां पर भानु गुट के किसान नेताओं की मांग है कि किसान अध्यादेश को वापस लिया जाए। कोई प्रदर्शन नहीं किया जा राह है। इस मौके पर यूनियन के जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

उन्नाव में किसान समस्या और कृषि बिल को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में पन्नालाल पार्क में किसानों ने धरना दिया। पुरवा में ब्लाक पर धरना दिया गया। सपा के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को कृषि बिल और किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन दिया। वहीं कांग्रेस कमेटी की बैठक में किसान हितों के लिए संघर्ष का निर्णय लिया गया तथा कृषि बिल के विरोध को लेकर ज्ञापन दिया गया।

मिर्जापुर में किसान बिल के विरोध में भारत बंद के दौरान जगह-जगह चक्का जाम किया गया। यहां पर किसानों का भरुहना से कमिश्नर कार्यालय तक मार्च हो रहा है। इसके साथ सपा कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।

बागपत के बड़ौत में दिल्ली बस स्टैंड के साथ ही बागपत-मेरठ मार्ग पर चक्का जाम किया है। इसके बाद दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर भी जाम लगाने के साथ किसानों ने किसानों ने दिल्ली कूच की चेतावनी दी है। यहां किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने भाकियू कार्यकर्ताओं को समझ बुझाकर जाम को खुलवाया। गाजियाबाद में भी किसानों को कांग्रेस के साथ सपा व रालोद का भी समर्थन मिल रहा है। यहां पर पुलिस हाईअलर्ट पर है।

किसान नेता आशू चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार नियोजित ढंग से आनन-फानन में जो कृषि अध्यादेश लेकर आई है, हम लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह अध्यादेश किसानों के हित में है, तो इसे लागू करने से पहले किसानों से बात की जाती। फिर सभी की सहमति के बाद इसे लागू किया जाता। किसान अपने किसान आयोग की मांग कर रहा है, लेकिन उसपर ध्यान न देकर इस अध्यादेश को लागू किया गया है। किसानों का आरोप है कि केंद्र के इस बिल से न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था खत्म हो जाएगी और कृषि क्षेत्र बड़े पूंजीपतियों के हाथों में चला जाएगा। किसानों ने कहा कि तीनों विधेयक वापस लिए जाने तक वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। कांग्रेस ने कृषि संबंधी विधेयकों को संघीय ढांचे के खिलाफ और असंवैधानिक करार देते हुए कहा कि इन 'काले कानूनों' को अदालत में चुनौती दी जाएगी। 

लखनऊ : सपा ने दिया डीएम को ज्ञापन, किसान बिल सहित कई मुद्दों को लेकर जतायी नाराजगी 

किसान बिल सहित कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। सपा की जिला और महानगर इकाई के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट जाकर यह ज्ञापन सौपा। पार्टी की सभी जिला इकाइयों ने एक साथ कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन सौपा। लखनऊ में जिला अध्यक्ष जय सिंह जयंत, महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, नगर महासचिव सौरभ सिंह यादव सहित पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमण्डल कलेक्ट्रेट पहुंचा। जबकि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि किसान और श्रमिक विरोधी विधेयक से कॉरपोरेट घरानों को फायदा होगा। जबकि किसानों और श्रमिको की बदहाली बढ़ेगी। कृषि बिल से किसानों से उनका मालिकाना हक छिन जाएगा।

एमएसपी तय करने वाली मंडिया खत्म हो जाएंगी। कॉन्ट्रैक्ट खेती से किसान अपनी ही जमीन पर मजदूर बन जाएगा। किसानों को जब उचित समर्थन मूल्य नही मिलेगा तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर होंगे। पिछले पांच साल में ही हजारों मजदूर अपनी जान गवा चुके हैं। गन्ना किसानों का अभी तक 13 हजार करोड़ रुपए बकाया है। आवारा पशु किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। केंद्र सरकार राष्ट्रीय संपदा का निजीकरण कर रही है। कोरोना काल मे लाखो श्रमिको का पलायन हुआ है। उनकी नौकरियां छिन गई है। संयुक्त राष्ट्र की अंतररास्ट्रीय श्रम संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना काल मे 40 करोड़ रोजगार खत्म हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश में ही 14.62 लाख लोगों को नॉकरी की जरूरत है। वही दूसरी ओर श्रमिक कानून में बदलाव के बाद श्रमिको के शोषण करने का पूरा अधिकार फैक्ट्री मालिको को मिल जाएगा। पहले 100 श्रमिको से अधिक वाली कम्पनी बिना सरकारी मंजूरी के उनको नही हटा सकती थीं। अब 300 से अधिक श्रमिक वाली कम्पनी उनको बिना अनुमति निकाल सकती हैं।

लखीमपुर : कृषि सुधार बिल के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि सुधार बिल के विरोध में शुक्रवार को जबरदस्त धरना प्रदर्शन आयोजित हुए। किसानों के कई संगठन शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान में इकट्ठे हुए और धरना दिया। इस दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन , किसान समाज पार्टी, भाकपा माले,  भारतीय किसान यूनियन के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी अलग-अलग सैकड़ों की संख्या में इकट्ठे होकर अंबेडकर पार्क चौराहा घेर लिया। काफी देर तक चौराहे पर बैठे किसानों ने ट्रैफिक जाम कर दिया और इस बीच उनकी कई बार पुलिस से झड़प भी हुई। बड़ी संख्या में किसान संगठन कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन सौंपने को लेकर अड़े रहे। वही दसरी ओर पलिया इलाके में भी किसान आंदोलित है गए और जोरदार प्रदर्शन किया। जिले भर में कई जगहों पर किसानों ने किसान बिल के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया।

सुलतानपुर में कलेक्ट्रेट में पहुंचकर विरोध 

किसान बिल के विरोध में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के जिलाध्यक्ष योगेंद्र श्रीवास्तव की अगुवाई में जिला मुख्यालय सहित अलग-अलग कई क्षेत्रों में किया प्रदर्शन। कलेक्ट्रेट में पहुंचकर विरोध जताया। प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव की अगुवाई में सपाइयों ने किया प्रदर्शन। राज्यपाल संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसके साथ गोसाईंगंज थानाक्षेत्र बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टाटिया नगर के पास भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर लगाया जाम। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज किसानों को समझाने पहुंचे। इसी बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की अगुवाई में कार्यकर्ता पहुंचे और उन्होंने किसान यूनियन का समर्थन किया। हालांकि, एएसपी के समझाने पर प्रदर्शनकारी हुए शांत। राज्यपाल संबोधित एएसपी को ज्ञापन सौंपा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.