प्रदीप यादव-बंधु तिर्की दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले, कांग्रेस में शामिल होना तय
बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो से निकाले गए विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने की सूचना है...
रांची, राज्य ब्यूरो। बाबूलाल मरांडी की पार्टी से विधायक चुने गए प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की है। ये दोनों विधायक गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। इसके साथ ही प्रदीप यादव और बंधु तिर्की का कांग्रेस में शामिल होना तय हो गया है।
झाविमो विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की सोनिया गांधी से मिले
झारखंड विकास मोर्चा से निष्कासित विधायक बंधु तिर्की और विधानसभा में झाविमो विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को कांग्रेस में शामिल कराने की कवायद तेज हो गई है। इसी के तहत गुरुवार को आरपीएन सिंह के साथ दोनों नेताओं की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात हुई। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार शीघ्र ही इन्हें कांग्रेस में शामिल कराया जा सकता है। दोनों को पार्टी में शामिल कराने के लिए सहमति भी मिल चुकी है।
झाविमो से नाराज दोनों विधायकों को कांग्रेस में शामिल करा रहे आरपीएन सिंह
झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय की कवायद चल रही है और पार्टी प्रमुख बाबूलाल का इस मुद्दे पर दोनों विधायकों से मनमुटाव चल रहा है। भाजपा के साथ किसी प्रकार की कवायद पर दोनों नेताओं ने बार-बार अलग-अलग स्तरों पर विरोध दर्ज कराया था। अब इन नेताओं के दूसरी पार्टी में चले जाने से झाविमो के विलय का मार्ग आसान हो जाएगा। ऐसे भी पार्टी में इस निर्णय का संभावित तौर पर विरोध करनेवाले नेता पहले ही किनारे कर दिए गए हैं।